Move to Jagran APP

राहुल गांधी के आने से पहले पुलिस ने आरंभ किए जबरदस्त बंदोबस्त

इस्माईलाबाद। हरियाणा-पंजाब बार्डर पर राहुल गांधी के आने से पहले पुलिस की ओर से जबरदस्त बंदोबस्त आरंभ कर दिए गए हैं।

By JagranEdited By: Published: Mon, 05 Oct 2020 07:00 AM (IST)Updated: Mon, 05 Oct 2020 07:00 AM (IST)
राहुल गांधी के आने  से पहले पुलिस ने आरंभ किए जबरदस्त बंदोबस्त
राहुल गांधी के आने से पहले पुलिस ने आरंभ किए जबरदस्त बंदोबस्त

दीपक शर्मा, इस्माईलाबाद : हरियाणा-पंजाब बार्डर पर राहुल गांधी के आने से पहले पुलिस की ओर से जबरदस्त बंदोबस्त आरंभ कर दिए गए हैं। पुलिस ने गांव ट्यूकर के पास की चेक पोस्ट से आगे निकलकर पंजाब सीमा से सटाकर बेरिकेड्स लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसे प्रदेश सरकार की मंशा से जोड़कर देखा जा रहा है। मौके पर पंजाब पुलिस ने भी मार्च आरंभ कर दिया है। यह स्थान अब दोनों प्रदेशों की पुलिस के लिए हाट स्पाट बन चुका है। राहुल गांधी कृषि संबंधी तीन कानूनों के विरोध में खेती बचाओ यात्रा लेकर छह अक्टूबर को गांव ट्यूकर के पास से कुरुक्षेत्र जिले में प्रवेश करेंगे। पहले पुलिस राहुल गांधी के काफिले से गंव ट्यूकर के पास स्थित चेक पोस्ट पर रूबरू होने वाली थी। मगर यहां का चौड़ा इलाका पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन सकता था। वहीं आसपास के प्रदेश के गांवों का भी यात्रा को सहयोग मिल जाता। ऐसे में यात्रा को रोकना आसान नहीं था। अब पुलिस ने पंजाब सीमा की ओर बढ़कर पिहोवा पटियाला रोड पर मारकंडा नदी के इस ओर बेरिकेड्स डालने का काम आरंभ कर दिया है। इसी जगह पर पंजाब से राहुल गांधी हरियाणा में प्रवेश करेंगे। यहां मारकंडा नदी का पुल पंजाब सीमा में आता है। हरियाणा पुलिस इसी पुल को ढाल बनाने की तैयारी कर रही है। पुल के दोनों ओर गहरी मारकंडा नदी है। यहां पुलिस को यात्रा रोकने में अधिक बल नहीं लगाना पड़ेगा। यहीं से कम संख्या में लोगों को प्रवेश देने की जुगत सिरे चढ़ाई जा सकती है। हाथरस के मामले बाद सरकार के भले ही गांधी की यात्रा को लेकर तेवर ढीले नजर आ रहे हो मगर पुलिस चाक चौबंद व्यवस्था में जुट चुकी है। गृह मंत्री अनिल विज पहले ही अधिक भीड़ को प्रवेश करने से रोकने का साफ इशारा कर चुके हैं। यात्रा से पहले बेरिकेड्स पहुंचाने का काम तेजी आरंभ कर दिया गया है। मारकंडा नदी के इस ओर बेरिकेड्स सुरक्षित रखे जा रहे हैं। इनकी संख्या देखकर लगता है कि पुलिस पूरे दम खम के साथ डटेगी। पास के मारकंडा नदी के मंदिर के आसपास पूरा दिन पुलिस मुस्तैद रही। वहीं कुरुक्षेत्र पुलिस ने गांव ट्यूकर के पास पिहोवा-पटियाला रोड पर नाके लगाकर चेकिग आरंभ कर दी है। यहां डीएसपी गुरमेल सिंह लगातार नजर रखे हुए हैं।

loksabha election banner

पंजाब पुलिस ने भी बॉर्डर पर मोर्चा संभाला

राहुल गांधी के काफिले को लेकर इसी जगह पंजाब पुलिस पहुंचेगी। रविवार को पंजाब पुलिस के दर्जनों वाहनों सवार अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। पंजाब पुलिस का भी प्रयास रहेगा कि गांधी को सुरक्षित हरियाणा में प्रवेश कराएं। राहुल गांधी के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी के साथ रणदीप सुरजेवाला भी प्रदेश सीमा में एक साथ प्रवेश करेंगे। पंजाब पुलिस इधर हरियाणा में भी प्रवेश कर सुरक्षा का तीन बार जायजा ले चुकी है।

गांव ट्यूकर गांव के पास पुलिस का दिन रात का पहरा सोमवार से आरंभ हो जाएगा। पुलिस यहां रात के समय भी मुस्तैद रहेगी। पुलिस यह भी नजर रखेगी कि कहीं यात्रा से जुड़े पंजाब के लोग पहले ही प्राइवेट वाहनों से प्रदेश में प्रवेश ना कर जाएं। वहीं दूसरी ओर पंजाब पुलिस ने भी आला अधिकारियों के नेतृत्व में रात्रि ठहराव के लिए बार्डर एरिया पर अपनी जमीन में डेरे डालने आरंभ कर दिए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.