सीएम की क्रॉसिग के लिए पुलिस ने रोका रास्ता, महिला करती रही पुलिस की खुशामद
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी का नामांकन भरवाने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में सभा रखी गई थी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी का नामांकन भरवाने के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में सभा रखी गई थी। मुख्यमंत्री जब इस सभा को संबोधित करने के बाद थीम पार्क से निकले तो पुलिस ने काफी देर तक गुलजारीलाल नंदा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ही रोक कर रखी। वाहनों को रोकने पर एक महिला बीमार होने की बात कह निकलने की दुहाई देती रही, लेकिन पुलिस ने महिला की पीड़ा पर कोई ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री का काफिला निकलने के बाद दोपहिया वाहन पर अपने परिजन के साथ आई महिला और अन्य वाहन चालकों को जाने दिया गया। महिला की पीड़ा समझकर उसकी बातें सुनकर आसपास के वाहन चालकों ने भी पुलिस से उन्हें जाने की बात कही, लेकिन किसी ने उनकी एक नहीं सुनी।
केवल इतना ही नहीं मुख्यमंत्री कार्यक्रम को लेकर बुलाई गई भीड़ के चलते दोपहर तक इस सड़क पर निकलने वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। वाहनों के लिए पार्किग थीम पार्क में बनाई गई थी, लेकिन वाहन चालकों ने सड़क के किनारे ही अपने वाहनों को पार्क कर दिया। ऐसे में सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस सभा में पहुंचे वाहनों को थीम पार्क में पार्किंग स्थल पर भेजने में नाकाम रही।