विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी कर जान से मारने की धमकी देने का एक आरोपित गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र थाना केयूके पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित रिश्ते में शिकायतकर्ता का जीजा है। आरोपित ने अपने एक नजदीकी के साथ मिलकर अपने साले के साथ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपितों ने उसको सीधे यूएसए भेजने का भरोसा दिया था लेकिन उनको पनामा के रास्ते अमेरिका भेजा। यहां से उसको डिपोर्ट कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : थाना केयूके पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित रिश्ते में शिकायतकर्ता का जीजा है। आरोपित ने अपने एक नजदीकी के साथ मिलकर अपने साले के साथ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपितों ने उसको सीधे यूएसए भेजने का भरोसा दिया था, लेकिन उनको पनामा के रास्ते अमेरिका भेजा। यहां से उसको डिपोर्ट कर दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 13 नवंबर 2019 को विरेंद्र वासी फतुहपुर ने थाना केयूके पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसका जीजा बीरपाल वासी धेरडु जिला कैथल ने उसकी मुलाकात ऋषिपाल के साथ करवाई थी। ऋषिपाल ने उसको कानूनी तरीके से यूएसए अमेरिका में भेजने की बात कही थी। उसने इसमें 35 लाख रुपये लगने की कही। इसमें से 10 लाख रुपये वीजा लगने से पहले और बाकी 25 लाख रुपये पहुंचने के बाद देना तय हुआ। आरोपित ने उसके साथ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। उसने उससे पैसे वापस मांगे तो उसको जान से मारने की धमकी देने लगा।
जांच अधिकारी एएसआइ कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपित बीरपाल वासी धेरडू जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने कबूला कि उसने और ऋषिपाल ने मिलकर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी से पैसे हड़पे थे। आरोपित को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसको दो दिन का रिमांड मंजूर कर दिया।