पीएनबी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ब्रह्म सरोवर पर मार्च निकाल लोगों को जागरूकता का दिया संदेश
पंजाब नेशनल बैंक ने भारत सरकार के सतर्क भारत समृद्ध भारत कार्यक्रम के अंतर्गत वीरवार को ब्रह्मसरोवर पर सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम किया और बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पंजाब नेशनल बैंक ने भारत सरकार के सतर्क भारत, समृद्ध भारत कार्यक्रम के अंतर्गत वीरवार को ब्रह्मसरोवर पर सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम किया और बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई। अधिकारियों व कर्मचारियों ने सरोवर पर मार्च निकालकर पर्यटकों और शहरवासियों को सतर्कता जागरूकता का संदेश दिया। मुख्यातिथि पंजाब नेशनल बैंक हरियाणा के अंचल प्रबंधक एसके पाणिग्राही रहे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने 27 अक्टूबर को सतर्क भारत, समृद्ध भारत कार्यक्रम शुरू किया है। यह जागरूकता कार्यक्रम एक सपताह चलेगा और दो नवंबर को समाप्त होगा।बैंक उपभोक्ताओं को जागरूक करने के साथ खुद भी इसको अपना रहा है।इससे पहले उन्होंने कुरुक्षेत्र मंडल की गतिविधियों की जानकारी ली और स्टाफ सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने पीएनबी लोन प्वाइंट और रैम शाखा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ऋण आवेदनों को तेजी से निपटाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्रह्मसरोवर स्थित शिव मंदिर में कोविड के बचाव के लिए एक ऑटोमैटिक सैनिटाइजर मशीन का शुभारंभ किया। उप मंडल प्रमुख हरजीत सिंह लांबा ने उनका यहां पहुंचने पर स्वागत किया। इस मौके पर मंडल प्रमुख गुरविद्र पाल सिंह, उप मंडल प्रमुख हरजी सिंह लांबा, मुख्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार शर्मा, रविद्र सहगल, एससी सैनी, शिव कुमार भगत व सीनियर मैनेजर राजभाषा बृजमोहन आर्य मौजूद रहे।