सैनी माजरा टोल पर सांसद व थानेसर के विधायक का फूंका पुतला
सैनी माजरा टोल पर किसानों ने सांसद और थानेसर के विधायक का पुतला फूंका। किसानों ने ऐलान किया कि विश्वास मत का साथ देने वाले सभी 55 विधायकों व मंत्रियों और सरकार से जुड़े सांसदों के पुतले फूंके जाएंगे।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : सैनी माजरा टोल पर किसानों ने सांसद और थानेसर के विधायक का पुतला फूंका। किसानों ने ऐलान किया कि विश्वास मत का साथ देने वाले सभी 55 विधायकों व मंत्रियों और सरकार से जुड़े सांसदों के पुतले फूंके जाएंगे।
टोल पर नेताओं के पुतला फूंकने के दूसरे दिन किसानों ने ऐलान किया कि अगले महीने गेहूं के सीजन में नेताओं को मंडी में भी नहीं घुसने दिया जाएगा। नेता मंडियों में आकर फोटो खिचवा कर चलते बनते हैं। इस बार मंडियों के मुख्य द्वारों पर किसानों की टोलियां पहरा देंगी। टोल संघर्ष समिति के प्रधान नैब सिंह गोरसियां ने कहा कि किसान अब जमीनी लड़ाई लड़ने के लिए मैदान में डट चुका है। उन्होंने कहा कि अब सरकार विश्वास मत खेल खलिहान से हासिल करके दिखाए। मनजीत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा-जजपा नेताओं की राह मुश्किल कर दी जाएगी। नेताओं को पंचायत चुनाव में भी गांवों से दूर रखा जाएगा। दोनों दलों के पार्टी चुनाव चिन्ह पर निकाय चुनाव में खड़े होने वालों का भी विरोध किया जाएगा। किसानों ने सांसद नायब सिंह सैनी और थानेसर के विधायक सुभाष सुधा का पुतला फूंका और जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने यहां तक ऐलान किया कि दोनों दलों के किसी भी नेता का होर्डिंग या पोस्टर कहीं भी नहीं लगने दिया जाएगा।
इस मौके पर रणजोर सिंह, राम कुमार, सुखबीर सिंह, गुरमीत सिंह, बलिद्र सिंह, लज्जा राम, मान सिंह, खजान नैन, शम्मी कौशल, संग्राम सिंह, रोहित, बिदर, राजेश कुमार मौजूद रहे।
पुतलों की राख नहर में बहाई
किसानों ने टोल पर पुतलों को फूंकने के बाद राख को इक्ट्ठा किया। इस राख को पास में बहती नरवाना ब्रांच नहर में बहाया गया। किसानों ने कहा कि वे इसी प्रकार हर रोज दो तीन नेताओं का तर्पण किया करेंगे। किसानों ने बताया कि पुतले फूंकने का काम निपटने के बाद ब्रह्म भोज भी किया जाएगा।