विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र में व्यापारी के घर पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल

Published: Fri, 17 Apr 2026 11:55 AM (IST)

लाडवा (कुरुक्षेत्र) में एक व्यापारी रजनीश बंसल के घर पर दो नकाबपोश बाइक सवारों ने अंधाधुंध फायरिंग की। घटना वीरवार ...और पढ़ें

लाडवा में व्यापारी के घर पर पर्ची फेंक बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग।

लाडवा में व्यापारी के घर पर पर्ची फेंक बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग।

HighLights

  1. लाडवा में व्यापारी के घर पर फायरिंग

  2. दो नकाबपोश बदमाशों ने की अंधाधुंध गोलीबारी

  3. रंगदारी की पर्ची छोड़ गए हमलावर, जांच जारी

संवाद सहयोगी, लाडवा (कुरुक्षेत्र)। सीएम सिटी उस समय गोलियों की बौछार से गूंज उठी जब वीरवार मध्यरात्रि को बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने एक व्यापारी के घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग से घर के शीशे चकनाचूर हो गए।

घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। गनीमत यह रही की उस समय व्यापारी का परिवार घर पर नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि करीब आधा दर्जन पुलिस टीम आरोपितों को पकड़ने में लगी हुई है। पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।

मौके से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार मध्यरात्रि बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश लाडवा-रादौर मार्ग पर माता बाला सुंदरी मंदिर के सामने अग्रवाल कॉलोनी में स्थित व्यापारी रजनीश बंसल के घर के बाहर आए और घर पर आते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घर में उस समय उनका नौकर ओमप्रकाश था।

बताया जाता है कि व्यापारी रजनीश अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहता है और कभी-कभी लाडवा आते हैं। बदमाशों ने घर पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

जाते-जाते घर में एक पर्ची भी छोड़कर गए, जिसके बारे में पुलिस अभी कुछ नहीं बता रही है। घटना की सूचना मिलते ही लाडवा डीएसपी निर्मल सिंह, थानाध्यक्ष गुरनाम सिंह सहित सीआईए की तीनों टीमें मौके पर पहुंची तथा कार्रवाई शुरू कर दी। रजनीश बंसल का हिमाचल प्रदेश के कालाअंब के पास हिमालयन नाम से कालेज भी है।

पहले पर्ची फेंकी, फिर की फायरिंग

घटना की रजनीश के घर पर लगे सीसीटीवी की फुटेज सामने आई है। इसमें दिखाई दे रहा है कि बदमाश ने पहले गेट के ऊपर से पर्ची फेंकी और उसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की। हालांकि पुलिस अभी इस पर्ची के बारे में कुछ नहीं बता रही है, लेकिन माना जा रहा है इस पर्ची के जरिए रंगदारी की मांग की गई है।

पड़ोसी के घर भी गिरे गोलियों के खोल

इस गोलीबारी में रजनीश के पड़ोसी के घर में भी गोलियों के खोल गिरे हैं। पड़ोसी विरेंद्र के अनुसार गोलियों के खोल उनके आंगन में गिरे हैं। उन्होंने बताया कि वह रात को करीब 12 काम से लौटा था और उसके 15-20 मिनट बाद ही उन्हें बाहर तेज आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो उन्हें गोलियों के खोल पड़े दिखाई दिए।

पुलिस के मुताबिक रजनीश बंसल को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। पिछले साल उन्हें रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन भी आए थे, जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ में सिक्योरिटी मुहैया करवाई गई थी। वे लाडवा कभी-कभार ही आते हैं, इसलिए लाडवा में सिक्योरिटी नहीं थी।

केवल नौकर था घर, डर कर बाहर नहीं आया: थानाध्यक्ष

लाडवा थानाध्यक्ष गुरनाम सिंह के अनुसार लाडवा पुलिस ने व्यापारी रजनीश बंसल के नौकर ओम प्रकाश की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग के दौरान नौकर घर पर ही था। फायरिंग के बाद घर के शीशे टूट गए हैं। उस समय डर के मारे ओम प्रकाश घर से बाहर नहीं आया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने घर पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक राउंड फायर किए हैं। पुलिस फायरिंग करने वालों को पकड़ने में जुटी हुई है, जिसके लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।

आध दर्जन टीमें लगी हैं: डीएसपी

डीएसपी निर्मल कुमार ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए लाडवा, कुरुक्षेत्र, शाहाबाद व रादौर पुलिस की करीब आधा दर्जन से अधिक टीमें लगी हुई हैं। सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन स्वयं इस मामले को लेकर गंभीर है और एक-एक मिनट की रिपोर्ट ले रहे हैं। जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे। घर के मालिक चंड़ीगढ़ रहते हैं और घटना के समय केवल नौकर था। हमले के पीछे क्या कारण है, यह तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।