मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किया वादा- पूरा करेंगे मिशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जवानों और किसानों का प्रदेश है। इसलिए जय जवान-जय किसान का मूलमंत्र यहां सार्थक होता है। अब एक और नारा इसमें जुड़ गया है। वह है जय पहलवान। हरियाणा हर तरीके से बहुत अग्रणी रहा है। इस मिट्टी ने न सिर्फ जवान किसान पैदा किए हैं बल्कि देश को पहलवान भी दिए हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री से वादा किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 75 पार सीटें जीतने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, वह हर हाल में पूरा करके देंगे। आपके आने का निश्चित रूप से हमें लाभ मिलेगा। प्रदेश में जनता हमारे कामों से खुश है। वे विजय संकल्प रैली में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जवानों और किसानों का प्रदेश है। इसलिए जय जवान-जय किसान का मूलमंत्र यहां सार्थक होता है। अब एक और नारा इसमें जुड़ गया है। वह है जय पहलवान। हरियाणा हर तरीके से बहुत अग्रणी रहा है। इस मिट्टी ने न सिर्फ जवान, किसान पैदा किए हैं, बल्कि देश को पहलवान भी दिए हैं।
मनोहर लाल ने कहा कि 70 साल से एक कलंक हमारे देश पर था। केंद्र की सरकार ने 370 सांसदों के हस्ताक्षर के साथ अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा हरियाणा को हुआ है। बेशक दो प्रतिशत आबादी का राज्य है, लेकिन हमारी 10 प्रतिशत भागीदारी सेना में है। कश्मीर में आतंकवाद को इससे काफी हद तक खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर चितित हैं। इसके लिए कई फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 92 प्रतिशत तक लाभ दिया है।