हरियाणा के लाडवा में पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, आरोपी अमन के पैर में लगी गोली; चार गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र के लाडवा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी अमन के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी के पैर में लगी गोली (फाइल फोटो)
HighLights
लाडवा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़
एक आरोपी अमन के पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया, हथियार बरामद
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। लाडवा के गांव बडौदी के पास मंगलवार की सुबह बदमाशों और पुलिस के बीच में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक आरोपित की टांग में गोली लगी है।
गोली लगने से घायल आरोपित बदमाश को पुलिस ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल आरोपित की पहचान जिला करनाल के घिसरपड़ी निवासी अमन के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल और तीन रौंद बरामद किए है। पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने सोमवार की आधी रात के बाद लाडवा से जिला करनाल के गांव घिसरपडी निवासी अमन को काबू किया था । आरोपित अमन के कब्जे से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और तीन रौंद बरामद किए थे। आरोपित से पूछताछ में उसके साथी जिला करनाल के गांव पखाना निवासी नवीन उर्फ मोनू, उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के ननौता निवासी आशु और श्याम उर्फ लाडी को भी गिरफ्तार किया गया है।
लघुशंकां के बहाने पुलिस की गिरफ्त से भागने का किया प्रयास
पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो के प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह ने बताया कि आरोपित को निशानदेही करवाने के बाद उत्तर प्रदेश से वापस कुरुक्षेत्र लाया जा रहा था।
वापस आते हुए लाडवा के गांव बड़ौदी के पास आरोपित ने लघुशंका के लिए गाड़ी रोकने की बात कही। आरोपित ने पुलिसकर्मी से हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के चेतावनी देने के बावजूद आरोपित के ना रुकने पर पुलिस ने गोली चलाई। आरोपित की टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया है। घायल आरोपित को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।