कुटा चुनाव : फैसले की घड़ी आई नजदीक, प्रत्याशियों ने लगाया एड़ी-चोटी का जोर
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों को लेकर फैसल की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने एड़ी-चोटी के जोर लगा दिए हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों को लेकर फैसल की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों ने एड़ी-चोटी के जोर लगा दिए हैं। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया है। इससे कुवि परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्मा गया है। मैदान में उतरे सभी प्रत्याशी अपने आपको शिक्षकों का सबसे बड़ा हितैषी होने की बात कह अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अब मतदान में केवल एक दिन बचा है और सभी प्रत्याशी इसी एक दिन में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए दौड़धूप में जुटे हैं। एक दूसरे के समर्थकों को अपने पक्ष में करने के लिए जोड़-तोड़ के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
कुटा चुनावों को लेकर 20 अक्टूबर को मतदान होगा। अबकी कोविड 19 को देखते हुए कुटा कार्यालय की बजाय टीचर्स क्लब में मतदान करवाने का फैसला लिया गया है। इससे शारीरिक दूरी बरकरार रखने में आसानी होगी। इतना ही पहले जहां मतदान के लिए एक ही बूथ बनाया जाता था, इस बार दो बूथ बनाने का फैसला लिया गया है। कुटा चुनावों को लेकर कोषाध्यक्ष पद पर एकमात्र नामांकन रहने से डा. संजय कुमार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। उनके साथ ही कार्यकारिणी के 15 सदस्य भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। कार्यकारिणी सदस्य के लिए केवल एक ही पद पर मदतान होना है। कुटा की प्रधानी के लिए पूर्व प्रधान डा. परमेश और पूर्व सचिव डा. नरेश आमने सामने हैं।
चुनाव अधिकारी कृष्ण चंद्र पांडे ने बताया कि 20 अक्टूबर टीचर्स क्लब में मतदान होगा।
----
इन पदों के लिए होगा चुनाव
- प्रधान के लिए डा. परमेश और डा. नरेश
- उपप्रधान के लिए डा. दलीप कुमार और डा. रमेश कुमार
- सचिव पद के लिए डा. चंद्रकात, डा. विवेक गौड़ और डा. विजय कुमार
- सह-सचिव पद डा. हरविद्र सिंह लौंगोवाल और डा. प्रदीप कुमार मित्तल
- फैकल्टी ऑफ एजुकेशन से डा. कुलदीप सिंह और डा. राजबीर सिंह