पंचायतों के खाते से फ्रॉड कर कुरुक्षेत्र के बैंक में भेजे 1.98 करोड़, 2-5 हजार की किस्तों में उड़ाई रकम
पंचायती राज विभाग के खातों से हुए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड में कुरुक्षेत्र के एक बैंक खाते में 1.98 करोड़ रुपये भेजे गए। इस खाते में कुल 2.90 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ।

पंचायती राज विभाग साइबर फ्रॉड कुरुक्षेत्र बैंक खाते में करोड़ों की रकम
HighLights
पंचायती राज विभाग साइबर फ्रॉड में कुरुक्षेत्र बैंक खाते का उपयोग
कुरुक्षेत्र के आरबीएल बैंक में 2.90 करोड़ का लेन-देन
छोटी-छोटी रकमों में पैसे भेजकर की गई धोखाधड़ी
विनोद चौधरी, कुरुक्षेत्र। पंचायती राज विभाग के खाते से हुए करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड में शातिर ठगों ने कुरुक्षेत्र में खुले बैंक खाते में भी 1.98 करोड़ रुपये भेजे हैं। इन ठगों ने यह रकम 2 हजार, 4 हजार और 5 हजार जैसी छोटी राशि में अधिक भेजी है।
यही नहीं इसी तरह छोटी राशि के जरिये इस रकम को अन्य खातों में भी भेजा गया। जिस बैंक खाते में यह रकम पहुंची है, उसमें अप्रैल माह से अभी तक करीब 2.90 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।
इस खाते से बैंक फ्रॉड का राजफाश होने के बाद से अब यह खाता माइनस में चल रहा है। आरोपितों ने पहले ही इस खाते से पूरी रकम निकाल ली थी। यही नहीं पुलिस एसआइटी की गिरफ्त में आए आरोपित अभिषेक और संजय के नाम से खोले गए इस खाते में 20 नवंबर को भी अंतिम बार 20 रुपये आए हैं। अप्रैल माह में खोले इस खाते में 10 और 11 नवंबर को सबसे अधिक ट्रांजक्शन हुआ है।
आरोपितों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने भी इस करोड़ों रुपये के फ्रॉड से संबंधित तथ्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। दोनों आरोपितों से पुलिस पूछताछ में कुरुक्षेत्र के पिपली रोड स्थित आरबीएल बैंक के जिस खाते में 1.98 करोड़ रुपये भेजने का राजफाश हुआ है, उस खाते में करीब 2.90 करोड़ रुपये की जमा-निकासी हुई है।
गिरफ्तार आरोपितों से मिली थी इन खातों की जानकारी
पंचायत विभाग के खातों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस एसआइटी ने दो आरोपित अभिषेक और संजय को गिरफ्तार किया था। इन्हीं आरोपितों से पूछताछ में पिपली के आरबीएल बैंक में खुले खाते की जानकारी मिली थी। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो पता चला कि आरोपितों ने यह बैंक खाता अप्रैल माह में खुलवाया था। इसके बाद कई माह तक बैंक खाते में कम ही जमा निकासी रही।
अभी पिछले करीब चार माह पहले ही इसमें जमा-निकासी में तेजी आई। यही नहीं नवंबर 10-11 को इस खाते में हजारों की जमा-निकासी हुई। ये सभी जमा-निकासी 2, 5, 7 हजार रुपये जैसी छोटी राशि की अधिक थीं।
निजामुद्दीन, गगन कुमार और रिजवान जैसे नामों से होती रही जमा-निकासी
शातिर साइबर ठगों ने जिस बैंक खाते को इस्तेमाल किया है, उस बैंक खाते में सामान्य नाम से छोटी रकम आती रही और जाती रही। इस खाते में निजामुद्दीन, गगन कुमार व रिजवान जैसे नामों से रकम जमा हुई और निकाली।
इस बात का अंदेशा जताया जा रहा है कि शातिर ठगों ने यह चाल इसलिए चली कि कहीं बड़ी रकम की आवाजाही करने से वह किसी बैंक अधिकारी या किसी अन्य एजेंसी की पकड़ में ना आ जाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।