कुरुक्षेत्र में आलू के दाम गिरे धड़ाम, किसानों और व्यापारियों के लिए बढ़ी मुश्किलें
कुरुक्षेत्र में आलू के दाम धड़ाम होने से किसानों और व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा है, क्योंकि कोल्ड स्टोरेज का किराया निकालना भी मुश्किल हो गया है।

आलू का कोल्ड स्टोर का किराया तक देने में लोग असमर्थ।
HighLights
कुरुक्षेत्र में आलू के दाम धड़ाम, किसानों को भारी नुकसान
कोल्ड स्टोरेज का किराया चुकाना किसानों और व्यापारियों के लिए चुनौती
अच्छी फसल और बाहरी आवक से बाजार में आलू की मांग घटी
संवाद सहयोगी, कुरुक्षेत्र। सब्जी में बेताज बादशाह आलू इस बार फिर दामों के मामले में धड़ाम हो गया है। आलू के खरीदार ही नहीं मिल रहे हैं। आलू का दाम प्रति कट्टा केवल 200 से 250 के बीच रह गया है।
ऐसे में आलू का कोल्ड स्टोर का किराया तक देने में लोग असमर्थ साबित हो रहे हैं। आलू स्टोर मालिकों के लिए भी परेशानी का सबब साबित हो रहा है। इस बार मौसम बेहतर रहा, जिससे आलू की फसल अच्छी हुई।
दूसरे प्रदेशों से भी आलू की आवक जारी है। ऐसे में जो आलू स्टोर में भंडारण किया हुआ है, उसकी बाजार में डिमांड कम चल रही है, जिससे दाम गिर गए हैं। बीते साल इन दिनों में आलू के दाम खूब चढ़ गए थे। इस बार बारिश नहीं हुई। बारिश से ही सब्जी के दामों में उछाल आता है।
यदि बारिश नहीं हुई तो आलू के दाम नहीं बढ़ पाएंगे, क्योंकि आलू की ताजा फसल भी जमकर आ रही है। इस समय आलू से कोल्ड स्टोर भी भरे पड़े हैं। इनकी निकासी का यही सही समय है।
यदि आगे स्टोर में रखे रहे तो आलू मालिकों को स्टोर का अलग से किराया वहन करना होगा। ऐसे में स्टोर मालिक अभी से आलू भंडारण करने वालों को ताकीद करते हैं कि अपना स्टाक निकाल लें।
स्टाक करने वाले बाजार पर नजर रखे हुए हैं। स्टाक करने वाले नरेश कुमार, संजीव कुमार व संजय कुमार बताते हैं कि दाम नवंबर में उछल सकते हैं। इसके लिए इंतजार करना पड़ेगा। यदि दाम नहीं चढ़े तो नुकसान भी बड़ा हो सकता है।
वहीं आलू की बाहरी क्षेत्रों में भी डिमांड कम है। ऐसे में आलू खरीदार बाजार में कदम आगे नहीं बढ़ा रहे हैं। ऐसे में इस बार आलू का नखरा पूरी तरह से गायब ही नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा NHM के कच्चे कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, अब हर महीने की 7 तारीख तक मिलेगी सैलरी
