विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुरुक्षेत्र में बवाल, महायज्ञ में ब्राह्मणों को घटिया खाना देने पर हुई गोलीबारी; इलाके में तनाव का माहौल

Published: Sat, 22 Mar 2025 11:22 AM (IST)Updated: Sat, 22 Mar 2025 11:32 AM (IST)

कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो ...और पढ़ें

कुरुक्षेत्र में यज्ञ कार्यक्रम के दौरान चली गोलियां
कुरुक्षेत्र में यज्ञ कार्यक्रम के दौरान चली गोलियां

HighLights

  1. यज्ञ के वेद पाठियों ने सड़ा-गला खाना देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया
  2. यज्ञ सम्राट स्वामी हरिओम के अंगरक्षकों ने चलाई गोली, जिसके बाद यज्ञ पाठियों ने तोड़-फोड़ शुरू की

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र।  Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में 18 मार्च से शुरू हुए 102वें 1008 कुंडीय शिव शक्ति महायज्ञ में शनिवार सुबह गोली लगने से एक ब्राह्मण घायल हो गया है। घायल ब्राह्मण को इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ब्राह्मण को गोली लगने के बाद विवाद बढ़ने पर वेद पाठियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया है।

घटिया खाना देने के आरोप में शुरू हुआ हंगामा

वेद पाठियों ने यज्ञ सम्राट पर घटिया खाना देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया। बताया जा रहा है कि हंगामा बढ़ने पर यज्ञ सम्राट बाबा हरिओम के अंगरक्षक ने गोली चला दी। इसमें एक पाठी घायल हो गया। उसे स्थानीय लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

यह भी पढ़ें- 'गर्त में जा रही है कांग्रेस', दुष्यंत चौटाला ने हुड्डा पर बोला हमला; बजट की शराब से क्यों की तुलना?

यज्ञ पाठियों ने शुरू की तोड़फोड़

पाठी को गोली लगने के बाद सभी पाठियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने पंडाल और होर्डिंग-बैनर को तोड़ना शुरू कर दिया। उनके बीच के डंडे निकाल लिए और हवा में लहराते हुए बाबा को गालियां देते हुए सड़क पर आ गए। यहां उन्होंने सड़क पर अवरोधक लगाकर जाम लगा दिया।

पुलिस बल मौके पर पहुंचा, करवा रहा बातचीत

गुस्साए वेदपाठियों ने यज्ञ के लगे पोस्टरों को भी फाड़ दिया। विवाद बढ़ता देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तीन पुलिस उपाधीक्षकों ने वेदपाठियों को मनाने का प्रयास किया, मगर वे नहीं माने। यज्ञ सम्राट स्वामी हरिओम ने वेदपाठियों के बीच आ कर क्षमा मांगी और अंगरक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोबारा से वेदपाठी यज्ञ में शामिल होने के लिए यज्ञशाला में पहुंचे। 

गुस्साए वेदपाठियों ने खूब हंगामा किया और कुरुक्षेत्र-पिहोवा मार्ग पर सैनी समाज भवन के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। करीब ढ़ाई घंट वेदपाठियों ने सड़क को जाम करके रखा।

पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से स्वामी हरिओम व वेदपाठियों के बीच बातचीत कराई है। सभी वेदपाठी यज्ञशाला में शांतिपूर्वक चले गए हैं। आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) वरुण सिंगला ने बताया कि लखनऊ के 16 वर्षीय आशीष कुमार को गोलीबारी के दौरान गोली लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रिंस नामक एक अन्य व्यक्ति भी पथराव के दौरान घायल हुआ है। इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- विकास की धीमी रफ्तार पर फिर खफा हुए अनिल विज, आज 17 विभागों के अफसरों को करेंगे तलब