विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र DFSC नरेश कुमार ने सौंपा इस्तीफा, धान घोटाले की जांच के बीच घरेलू परिस्थितियों का दिया हवाला

Published: Tue, 17 Nov 2026 02:17 PM (IST)

कुरुक्षेत्र के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) नरेश कुमार ने घरेलू परिस्थितियों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

कुरुक्षेत्र DFSC नरेश कुमार ने दिया इस्तीफा (फोटो- सोशल मीडिया)

कुरुक्षेत्र DFSC नरेश कुमार ने दिया इस्तीफा (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. कुरुक्षेत्र के DFSC नरेश कुमार ने पद से इस्तीफा दिया

  2. घरेलू परिस्थितियों को इस्तीफे का मुख्य कारण बताया गया

  3. जिले में 100 करोड़ के धान घोटाले की जांच जारी

 

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) नरेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने रविवार को छुट्टी के दिन 15 नवंबर को इस्तीफा प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. अमनीत पी. कुमार को ई-मेल भेजकर स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

इस्तीफे के पीछे उन्होंने घरेलू परिस्थितियों को वजह बताया है। नरेश कुमार ने इस्तीफे की सूचना विभाग के डायरेक्टर और कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को भी भेजी है। हालांकि, अभी तक उनका इस्तीफा स्वीकार होने और जिले में डीएफएससी की जिम्मेदारी को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

गौर हो कि नरेश कुमार से पहले कुरुक्षेत्र में डीएफएससी का पद राजेश कुमार संभाल रहे थे। जब भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने राजेश कुमार को थप्पड़ मारा था। इसके बाद 20 जनवरी को नरेश कुमार को कुरुक्षेत्र में डीएफएससी का चार्ज सौंपा गया था।

घरेलू परिस्थितियों के चलते लिया फैसला

नरेश कुमार ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि घरेलू परिस्थितियों के कारण उनके लिए कुरुक्षेत्र में डीएफएससी के पद पर कार्य जारी रखना संभव नहीं है। इसी वजह से वह 15 नवंबर 2026 से अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने प्रिंसिपल सेक्रेटरी से उनका इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में नरेश कुमार से बातचीत करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

100 करोड़ से अधिक के धान घोटाले के आरोपों की जांच

डीएफएससी के इस्तीफे के बीच जिले में धान खरीद से जुड़े कथित घोटाले भी चर्चा में हैं। भारतीय किसान यूनियन चढूनी और भाकियू पिहोवा की ओर से पिहोवा, शाहाबाद और इस्माईलाबाद में 100 करोड़ रुपये से अधिक के धान घोटाले के आरोप लगाए गए हैं।

भाकियू पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच के मुताबिक तीनों स्थानों पर इस संबंध में एफआइआर दर्ज की गई हैं और पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।

इस महीने दर्ज हुई दो एफआइआर

धान खरीद में कथित फर्जीवाड़े को लेकर नवंबर में भी दो मामले दर्ज हुए हैं। तीन नवंबर को दर्ज शिकायत में मार्केट कमेटी सचिव चंद्र सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा सचखंड ईशर जुरासी के सेवादार ने गुरुद्वारे की करीब 225 एकड़ जमीन का पंजीकरण सीएससी संचालक विजय कुमार से करवाया था।

आरोप है कि विजय कुमार ने इसमें से कुछ जमीन का पंजीकरण अवैध तरीके से अपने नाम करवा लिया और उस पर धान की फसल बेच दी।

इससे पहले 28 अक्टूबर को थाना सदर पिहोवा पुलिस ने कराह साहिब में फर्जी रजिस्ट्रेशन के आधार पर धान बेचने के आरोप में मामला दर्ज किया था।

वहीं, 11 नवंबर को इस्माइलाबाद पुलिस ने भी इस संबंध में केस दर्ज किया। मार्केट कमेटी सचिव अंकुर ठकराल की शिकायत के अनुसार, गुमथला गढू और सारसा गांव के किसानों के नाम पर फर्जी रजिस्ट्रेशन कर करीब 30 लाख रुपये की फसल बेची गई। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।