हरियाणा में लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, ग्राहकों को होगी परेशानी
बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है, जिससे शनिवार और रविवार की छुट्टी के कारण बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रहेंगे।

सितंबर के अंत में लगातार 5 दिन बंद रहेंगे बैंक।
HighLights
बैंक यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल बुलाई
शनिवार-रविवार की छुट्टी के कारण बैंक लगातार पांच दिन बंद रहेंगे
एटीएम, मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं ग्राहकों के लिए चालू रहेंगी
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बैंक यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर हड़ताल का आह्वान किया है। इस बार हड़ताल तीन दिन के लिए 28 से 30 सितंबर तक की जाएगी। 26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार के कारण बैंक पांच दिन तक बंद रहेंगे।
हड़ताल के कारण लोगों को अगले सप्ताह परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। बैंक यूनियन के आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक आफिसर एसोसिएशन (एआईपीएनबी ओए) के मंडल सचिव नरोत्तम कुमार ने बताया कि उनकी मांगों पर अब तक सरकार द्वारा कोई विचार नहीं किया गया है।
28 से 30 तक रहेगी हड़ताल
11 सितंबर को उन्होंने सांकेतिक हड़ताल की थी, जिसमें सभी शनिवार की छुट्टी सहित अपनी प्रमुख मागों को रखा था। इन पर कोई संज्ञान नहीं लेने के कारण अब 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान उपभोक्ताओं को परेशानी न उठानी पड़े इसके लिए डिजिटल चैनल जैसे एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआई जैसे माध्यम चालू रखने का फैसला किया गया है।
जानें क्या खुला रहेगा
बैंकों ने भले तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की है, लेकिन उससे पहले 26 को शनिवार और 27 को रविवार की छुट्टी के कारण बैंक पूरे पांच दिन तक बंद रहेंगे। इस कारण उपभोक्ताओं के यदि बैंक में जाकर होने वाले ही काम होंगे तो वे प्रभावित होंगे।
ऐसे उपभोक्ताओं को 25 सितंबर तक अपने ये काम करने होंगे या फिर हड़ताल के बाद एक अक्टूबर को कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें- हरियाणा CM सैनी ने ली 6 घंटे की मैराथन बैठक, बोले- 'जनशिकायतों पर सिर्फ आश्वासन नहीं, धरातल पर दिखना चाहिए परिणाम'
