मॉरीशस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव के लिए केडीबी के छह गैर सरकारी सदस्यों का जाना तय
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : प्रदेश सरकार की ओर से पहली बार विदेशी धरती पर 14 से 16 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित करवाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
प्रदेश सरकार की ओर से पहली बार विदेशी धरती पर 14 से 16 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित करवाया जा रहा है। इस महोत्सव को लेकर प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ-साथ कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के छह गैर सरकारी सदस्यों का जाना लगभग तय माना जा रहा है। इन सभी सदस्यों के पासपोर्ट की जानकारी लेकर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से फाइल तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय में भेजी गई है। इन सदस्यों के साथ-साथ केडीबी के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की डिटेल भी मुख्यमंत्री कार्यालय में भेजी गई है। इस फाइल पर जल्द मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हस्ताक्षर होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि फाइल पर हस्ताक्षर होते ही कई अधिकारियों और सदस्यों को तो कार्यक्रम से पहले की तैयारियां को फाइनल करने के लिए 11 फरवरी को ही मॉरीशस के लिए निकलना है।
मॉरीशस की धरती पर प्रदेश सरकार और मॉरीशस सरकार की ओर से 14 - 16 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 14 फरवरी को प्रदेश के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य करेंगे, इसी दिन शाम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मॉरीशस पहुंचेंगे। 15 फरवरी को मुख्यमंत्री सेमिनार का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री सहित अन्य मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। 16 को समापन को लेकर गंगा तलाओ पर कुरुक्षेत्र से पहुंचे विद्वान ब्राह्मणों की ओर से गीता महाआरती का आयोजन करवाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्यातिथि हिस्सा लेंगे।
---
जिओ गीता की ओर से पहुंचेंगे 250 के लगभग श्रद्धालु इस अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए जिओ गीता की ओर से गीता मनीषा ज्ञानानंद महाराज के नेतृत्व में 250 के लगभग श्रद्धालुओं का जत्था पहुंचेगा। इसके लिए ज्यादातर श्रद्धालुओं की टिकट फाइनल भी हो गई हैं। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की ओर से महोत्सव की पूर्व संध्या पर 13 फरवरी को गीता शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में मॉरीशस की 40 के लगभग सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे।
---
महोत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर प्रदेश सरकार की ओर से पहले ही विदेशी धरती पर मॉरीशस की सरकार के साथ मिलकर गीता महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव को यादगार बनाने के लिए अधिकारी दिन-रात काम में जुटे हैं। कार्यक्रम के महत्व को देखते हुए अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं जो महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने में सहयोग करेंगे।