जयराम विद्यापीठ ने गीता जयंती महोत्सव विशाल स्वरूप में प्रारंभ की : दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला देर शाम जयराम विद्यापीठ में कथा में पहुंचे। चौटाला ने भागवत कथा से पूर्व जयराम विद्यापीठ के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में विश्व के दुर्लभ स्फटिक मणि शिवलिग पर जयराम संस्थाओं के अध्यक्ष ब्रह्मास्वरुप ब्रह्माचारी के सान्निध्य में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला देर शाम जयराम विद्यापीठ में कथा में पहुंचे। चौटाला ने भागवत कथा से पूर्व जयराम विद्यापीठ के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में विश्व के दुर्लभ स्फटिक मणि शिवलिग पर जयराम संस्थाओं के अध्यक्ष ब्रह्मास्वरुप ब्रह्माचारी के सान्निध्य में विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना की। इस मौके पर उनके साथ गुल्हा चीका के विधायक ईश्वर सिंह और शाहाबाद विधायक रामकरण काला भी मौजूद थे।
मंदिर में पूजा अर्चना के बाद उप मुख्यमंत्री ने कथा पंडाल में व्यास पीठ पर जाकर नमन किया और पूजा अर्चना की। परमाध्यक्ष ब्रह्मास्वरुप ब्रह्माचारी ने दुष्यंत चौटाला को सम्मान स्वरूप शाल भेंट की। उन्होंने कथा का भी श्रवण किया। इसके उपरांत चौटाला ने कहा कि उनका परिवार चार पीढि़यों से जयराम विद्यापीठ से जुड़ा हुआ है। उन्हें ब्रह्मास्वरुप ब्रह्माचारी ने बकायदा हरिद्वार में मां गंगा के तट पर राष्ट्र सेवा का आशीर्वाद दिया था, उसी का फल है कि वे देश सेवा में जुटे हैं। उप मुख्यमंत्री ने जयराम विद्यापीठ द्वारा गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित किये जाने वाले आध्यात्मिक एवं समाज कल्याण के कार्यों की सराहना करते हुए कहाकि जयराम विद्यापीठ ने ही गीता जयंती महोत्सव विशाल स्वरूप में प्रारंभ की।