भाजपा के राज में बढ़ती महंगाई से जीना मुहाल : अशोक
भाजपा के राज में बढ़ती महंगाई ने जनता की जीना मुहाल कर दिया है। सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : भाजपा के राज में बढ़ती महंगाई ने जनता की जीना मुहाल कर दिया है। सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल है। सब्जियों के भाव आसामान को छू रहे हैं और प्याज ने तो लोगों की आंखों में आंसू निकाल दिए। महंगाई को लेकर जनता में हाहाकार मचा हुआ है लेकिन सरकार के मंत्री राहगीरी करके नाच-गाना और गुली डंडा खेलने में लगे रहते हैं। यह विचार कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने सेक्टर 7, विश्वकर्मा कॉलोनी, श्याम कालोनी सहित कई स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सभाओं में पहुंचने पर अरोड़ा का जनता द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर 55 वर्ष आयु की महिलाओं व 58 वर्ष के आयु वाले पुरुषों को 5100 रुपये महीना बुढ़ापा पेंशन दी जाएगी। इसके अलावा विधवा और विकलांग तथा असहाय लोगों को मिलने वाली पेंशन भी बढ़ा कर 5100 रुपये कर दी जाएगी। महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा दी जाएगी।