गीता जयंती पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी खास बनाने को लेकर कवायद शुरू
गीता जयंती पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी खास जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : महाभारत के युद्ध से पहले श्रीकृष्ण भगवान के मुख से अर्जुन के लिए निकले गीता के श्लोक समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी हैं।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
महाभारत के युद्ध से पहले श्रीकृष्ण भगवान के मुख से अर्जुन के लिए निकले गीता के श्लोक समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी हैं। अब इसी गीता में न्यायविदों, चिकित्सकों, युवा वर्ग, शिक्षकों, गृहणियों के लिए उपयोगी बातों को विश्व के सामने रखा जाएगा। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में इन्हीं बातों पर फोकस किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को खास बनाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ महोत्सव के नोडल अधिकारी अमित अग्रवाल, राज्यपाल के सचिव और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सदस्य सचिव विजय दहिया और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा बैठक हुई है। दिन भर चली इस विशेष बैठक में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के प्रारूप को लेकर मंथन किया गया है। बताया जा रहा है इस संगोष्ठी को करीब-करीब खाका तैयार भी कर लिया गया है।
गौरतलब है कि 13 से 18 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इन्हीं दिनों में गीता पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन भी करवाया जाता है। इस संगोष्ठी में विश्व भर से गीता के मर्मज्ञ पहुंचकर अपने-अपने विचार व्यक्त करते हैं। इसी अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को लेकर केडीबी की ओर से खास तैयारियां की जाती हैं। इन तैयारियों को लेकर सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ही बैठक की गई है। इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी को खास बनाने के लिए दिन भर मंथन किया गया। इसके साथ ही सुझावों पर अम्ल करने का फैसला लिया गया है। बैठक में खास तौर पर महोत्सव के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी अमित अग्रवाल और राज्यपाल हरियाणा सत्यवेद नारायण आर्य के सचिव विजय दहिया भी उपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि सुबह से शाम तक चली बैठक में कई सुझावों पर सहमति बन गई है।