Move to Jagran APP

इनेलो ने कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी-महेंद्रगढ सीट से उतारे अपने उम्मीदवार

पार्टी ने कुरुक्षेत्र सीट से इनेलो नेता अभय चौटाला के छोटे बेटे को मैदान में उतारकर कुरुक्षेत्र के चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। इनेलो ने शुक्रवार को तीन सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा की है।

By JagranEdited By: Published: Sat, 20 Apr 2019 08:10 AM (IST)Updated: Sun, 21 Apr 2019 06:30 AM (IST)
इनेलो ने कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी-महेंद्रगढ सीट से उतारे अपने उम्मीदवार
इनेलो ने कुरुक्षेत्र, रोहतक और भिवानी-महेंद्रगढ सीट से उतारे अपने उम्मीदवार

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : इंडियन नेशनल लोकदल ने महाभारत की धरती कुरुक्षेत्र से लोकसभा चुनावों के रण में अर्जुन चौटाला को उतारा है। पार्टी ने कुरुक्षेत्र सीट से इनेलो नेता अभय चौटाला के छोटे बेटे को मैदान में उतारकर कुरुक्षेत्र के चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है। इनेलो ने शुक्रवार को तीन सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा की है। इनमें रोहतक से धर्मबीर फौजी और भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से बलवान यादव को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही गुरुग्राम सीट को अभी होल्ड पर रखा गया है।

loksabha election banner

इनेलो की ओर से 17 अप्रैल को छह प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई थी। अब शुक्रवार को इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने तीन अन्य प्रत्याशियों की भी घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला से सलाह-मशविरा कर रोहतक सीट से धर्मबीर फौजी को प्रत्याशी बनाया गया है। वह इन दिनों इनेलो सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और कई सालों से इनेलो से जुड़े हुए हैं। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से बलवान यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। वह पूर्व सैनिक हैं और उनका परिवार पुराने समय से ही इनेलो से जुड़ा हुआ है। इसी के साथ कुरुक्षेत्र सीट से पार्टी के युवा चेहरे और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के छोटे बेटे अर्जुन चौटाला को प्रत्याशी बनाया गया है। अर्जुन चौटाला इनेलो की छात्र विग इंडियन स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम सीट को अभी होल्ड पर रखा गया है। इस सीट के प्रत्याशी की घोषणा भी एक-दो दिन में कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो ने टिकट वितरण करते समय सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए किसान, सैनिक और युवाओं को पार्टी प्रत्याशी बनाया है। चौधरी देवीलाल ने आम कार्यकर्ताओं को विधानसभा और लोकसभा का दरवाजा दिखाया था। उन्होंने राजनीति को पूंजीपतियों के महल से निकालकर गरीब की झोंपड़ी तक पहुंचाया। उन्हीं की नीतियों पर चलते हुए पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला ने आम कार्यकर्ताओं को लोकसभा व विधानसभा चुनाव में पहुंचाया और इस बार भी पार्टी ने इन्हीं नीतियों का अनुसरण करते हुए आम कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा है, जिनमें युवा, पूर्व सैनिक और किसान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने जैसे लुभावने वायदे किए थे, लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं किया। इनेलो स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, युवाओं को रोजगार देने, जीएसटी तथा नोटबंदी जैसे मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सेना का राजनीतिकरण कर रही है। सेना देश का गौरव है और सेना के शौर्य पर हर भारतीय को नाज है, लेकिन चुनावों में सेना का राजनीतिकरण दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मौके पर इनेलो जिला प्रधान संदीप टेका, शहरी प्रधान विवेक मैहता, सतीश टामक, पार्टी के उपप्रधान सुभाष मिर्जापुर व मनोज चौहान उपस्थित रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.