विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के युवक की कनाडा में मौत, परिवार में पसरा मातम

Published: Thu, 21 May 2026 12:05 AM (IST)

कनाडा में पढ़ाई करने गए लाडवा के गांव गजलाना निवासी 22 वर्षीय वीरेन रंगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो ...और पढ़ें

हरियाणा के युवक की कनाडा में मौत। फाइल फोटो

हरियाणा के युवक की कनाडा में मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. लाडवा के वीरेन रंगा की कनाडा में संदिग्ध मौत।

  2. दो साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गया था युवक।

  3. परिवार शव को भारत लाने के लिए कर रहा कागजी कार्रवाई।

संवाद सहयोगी, लाडवा। कनाडा में सुनहरे भविष्य के सपने लेकर पढ़ाई करने गए गांव गजलाना के 22 वर्षीय युवक वीरेन रंगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिस बेटे से परिवार ने वीरवार रात को हंसते हुए वीडियो काल पर बात की थी, अगले ही दिन उसकी मौत की खबर से पूरे परिवार में मातम पसर गया।

वीरेन करीब दो वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। वह वैंकूवर में इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी कर चुका था और हाल ही में वर्क परमिट के लिए आवेदन किया था। परिवार ने बताया कि वीरवार रात को उसने सामान्य रूप से वीडियो काल पर बातचीत की थी और किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।

रोजाना की तरह वह रात को अपने कमरे में सोने गया, लेकिन शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आया। साथ रह रहे उसके ताऊ के बेटे गुरमीत और गौरव ने उसे उठाने का प्रयास किया, मगर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।

वीरेन के पिता राजेंद्र रंगा बिजली निगम में फोरमैन हैं और बाबैन में तैनात हैं। बड़ा भाई आदित्य हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला से वेटरनरी सर्जन कोर्स के बाद इंटर्नशिप कर रहा है, जबकि मां सुनीता गृहिणी हैं। परिवार के अनुसार वीरेन ने गांव खरींडवा स्थित आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में डिप्लोमा किया था और आगे की पढ़ाई के लिए विदेश गया था।

कनाडा पुलिस ने शुरू की जांच

स्वजन के मुताबिक शुक्रवार सुबह गुरमीत और गौरव ने ही परिवार को उसकी तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत होने की सूचना दी। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। कनाडा पुलिस ने ब्लड सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। परिवार अब वीरेन के शव को भारत लाने के लिए कागजी कार्रवाई में जुटा है। वहीं दोस्तों और परिचितों ने परिवार की मदद के लिए फंड जुटाना भी शुरू कर दिया है।