पुणे में हरियाणा के सिख युवक की संदिग्ध मौत, संस्कार के बजाय दफनाया शव; HSGMC ने निष्पक्ष जांच की मांग की
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने पूना में एक सिख युवक के शव को दफनाने पर कड़ा रोष जताया है।

कुरुक्षेत्र के सिख युवक की पूना में संदिग्ध मौत का मामला।
HighLights
पूना में सिख युवक के शव को दफनाने पर रोष
एचएसजीएमसी ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की
गृहमंत्री अमित शाह और सीएम नायब सैनी को लिखेंगे पत्र
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। पूना में एक सिख सिख युवक की मौत के बाद उसके शव को दफनाने के मामले में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी ने कड़ा रोष जताया है। एचएसजीएमसी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीडा ने कहा कि गांव ठंडपूरा वासी सिख युवक की संदिग्ध मौत के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सिख और हिंदू धर्म में किसी भी व्यक्ति की मृत्यु उपरांत अंतिम संस्कार किया जाता है, इस मामले में युवक के शव गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। यह एक संदिग्ध मामला है और इस मामले की जांच अनिवार्य है।
गुरुद्वारा साहिब पातशाही में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधान जत्थेदार झीडा ने कहा कि उनसे पिहोवा के गांव ठंड पुरा में रहने वाला सिख परिवार मिला है। परिवार के मुताबिक उनका लड़का सुखदेव सिंह (घर का नाम सुखा) जो कि पूना में किसी होटल में कुकिंग का काम करता था। परिजनों ने कहा की हत्या करके शव दफना दिया है।
यह सिख और हिंदू परंपराओं के विरुद्ध है। इससे सिख धर्म की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। जत्थेदार झीडा ने सरकार से मांग किया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को इंसाफ दिया जाए।
इस मामले में वे देश के गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सीएम नायब सैनी को भी इस मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिल कर इस मामले में पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए मांग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर हरियाणा कमेटी का एक प्रतिनिधि मंडल भी घटनास्थल का मुआयना कर वहां के प्रशासन से इस संबंध में बातचीत करेगा।
मेरे भाई के हत्यारों को मिलनी चाहिए सजा
मृतक सुखदेव सिंह की कुरुक्षेत्र निवासी बहन बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है। जिन लोगों के पास उसका भाई काम करता था उन्होंने ही उसकी हत्या कर शव को दफना दिया है। उसका भाई पिछले 10-12 सालों से पूना में ही काम करता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।