हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन परिवहन मंत्री के निवास स्थान पर 18 को करेंगी प्रदर्शन
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की गेट मीटिग बुधवार को डिपो में की। इसकी अध्यक्षता डिपो प्रधान बलवंत देशवाल ने की।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की गेट मीटिग बुधवार को डिपो में की। इसकी अध्यक्षता डिपो प्रधान बलवंत देशवाल ने की। मीटिग में राज्य कमेटी के कोषाध्यक्ष राजपाल सिंह व राज्य उप-महासचिव नवीन राणा, राज्य उप-प्रधान रणबीर मलिक व एसकेएस कुरुक्षेत्र के जिला प्रधान ओम प्रकाश, ब्लॉक प्रधान आनंद सिंह शामिल हुए। सभी पदाधिकारियों ने 18 अक्टूबर को परिवहन मंत्री के फरीदाबाद निवास स्थान पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
डिपो प्रधान बलवंत देशवाल ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर यूनियन की सरकार व मंत्री के साथ कई बार बैठक हो चुकी हैं। कई मांगों पर सहमति भी बन चुकी है, लेकिन उनकी मांगों को लागू नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य व पुलिस कर्मियों की तरह रोडवेज कर्मचारियों को भी कोरोना योद्धा घोषित करने की मांग की। इसके साथ मृतक कर्मचारी के आश्रित को 50 लाख मुआवजा देकर एक्सग्रेशिया पॉलिसी में शामिल करने की मांग है। राज्य उप महासचिव नवीन राणा ने आरोप लगाया कि महानिदेशक स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। इस मौके पर राकेश कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, संजय कुमार, राजाराम, सुरेंद्र कुमार व जरनैल सिंह मौजूद रहे।