झूठा केस दर्ज होने के बाद आरोपित ने लगाई फांसी
थाना आदर्श केयूके के अंतर्गत गांव बारवा में दो दिन पहले लड़ाई झगड़े के मामले में केस दर्ज होने पर आरोपित ने बुधवार को आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : थाना आदर्श केयूके के अंतर्गत गांव बारवा में दो दिन पहले लड़ाई झगड़े के मामले में केस दर्ज होने पर आरोपित ने बुधवार को आत्महत्या कर ली। मृतक के बेटे दीपक ने आरोप लगाया है कि झूठे केस में फंसाने पर उसका पिता मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने दीपक के बयान के आधार पर आरोपी बलदेव ¨सह पुत्र फकीर चंद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। इस मामले को लेकर गांव में दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। थाना केयूके आदर्श प्रभारी निरीक्षक छोटू राम ने शांति बनाए रखने के लिए गांव का दौरा किया।
ज्योतिसर चौकी पुलिस के प्रभारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि 9 सितंबर की रात को बारवा निवासी सतपाल व बलदेव के बीच झगड़ा हो गया था। मारपीट में बलदेव को चोटें आई थीं, जिसके बाद से बलदेव अस्पताल में उपचाराधीन था। पुलिस ने बलदेव के बयान के आधार पर सतपाल और उसके बेटे दीपक के खिलाफ केस दर्ज किया था। बलदेव ने आरोप लगाया था कि सतपाल और दीपक ने उसके ऊपर हमला कर घायल किया है। विनोद कुमार ने बताया कि सतपाल अपने तथा बेटे के खिलाफ केस दर्ज होने से परेशान था। इसी परेशानी के चलते सतपाल ने बुधवार को अपने बाड़े में खड़े पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। सतपाल के बेटे दीपक के बयान के आधार पर पुलिस ने बलदेव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।