तोडिया और सरसों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेगी सरकार, भाकियू ने बताई अपनी जीत
सरकार की ओर से सरसों और तोडिया की सरकारी खरीद के लिए प्रदेश भर के 22 जिलों में 64 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन्हीं खरीद केंद्रों पर सरकारी खरीद एजेंसी की ओर से इन दोनों फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इसके लिए सिरसा जिले में सबसे ज्यादा नौ खरीद केंद्र बनाए गए हैं जबकि प्रदेश में नौ जिलों में एक-एक खरीद केंद्र बनाया गया है। हालांकि इस खरीद से पहले किसानों के सामने अपनी फसल को मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपडेट करवाया जाना भी जरूरी है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सरकार की ओर से सरसों और तोडिया की सरकारी खरीद के लिए प्रदेश भर के 22 जिलों में 64 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इन्हीं खरीद केंद्रों पर सरकारी खरीद एजेंसी की ओर से इन दोनों फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इसके लिए सिरसा जिले में सबसे ज्यादा नौ खरीद केंद्र बनाए गए हैं, जबकि प्रदेश में नौ जिलों में एक-एक खरीद केंद्र बनाया गया है। हालांकि इस खरीद से पहले किसानों के सामने अपनी फसल को मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपडेट करवाया जाना भी जरूरी है। सरकार की ओर से पोर्टल पर अपडेट फसल की खरीद करने की बात कही गई है। सरकार के इस फैसले को भारतीय किसान यूनियन अपनी जीत बता रही है। भाकियू पदाधिकारियों का कहना है कि वह साल 2014 से किसान की फसल को एमएसपी पर खरीदने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही है।
---
22 जिलों में बनाए 64 खरीद केंद्र
सरसों और तोडिया की खरीद के लिए सिरसा जिले में नौ खरीद केंद्र बनाए गए हैं, इसी तरह भिवानी में आठ, हिसार में सात, महेंद्रगढ़ में छह, झज्जर में पांच, रोहतक में चार, रेवाड़ी और गुरुग्राम में तीन, चरखी दादरी, फतेहाबाद, जींद, कैथल व नुंह में दो और अन्य जिलों में एक-एक खरीद केंद्र बनाया गया है।
---
खरीद के लिए फसल पोर्टल पर अपडेट होनी जरूरी
प्रदेश की मंडियों में सरसों और तोडिया की सरकारी खरीद केवल उन्हीं किसानों की होगी, जिन्होंने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवा रखा है। लाडवा मार्केट कमेटी के सचिव जसबीर सिंह ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किसानों की फसल का पंजीकरण किया जा रहा है। यह पंजीकरण कृषि विभाग के अधिकारियों की सहायता से किया जा रहा है। इस पोर्टल पर पंजीकृत प्रदेश के किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएगी और प्रदेश से बाहर के किसानों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। जिन किसानों ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वह शनिवार तक अपना पंजीकरण अवश्य करा लें।
---
भाकियू के दबाव के चलते लिया फैसला
भाकियू प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि भाकियू ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसान की फसल बेचने को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में केस डाल रखा था। इसी केस की सुनवाई करते हुए पिछले साल सरकार ने सरसों व तोडिया की फसल को एमएसपी पर खरीदने की हामी भरी थी। अब इसके लिए प्रदेश भर में 64 खरीद केंद्र बनाए गए हैं।