भाजपा की बी टीम का काम कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा : चौटाला
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश की भाजपा सरकार की बी टीम का काम कर रहे हैं। पिछले राज्यसभा चुनावों में उनकी सेटिग सभी के सामने आ गई थी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : इनेलो के एलनाबाद विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा प्रदेश की भाजपा सरकार की बी टीम का काम कर रहे हैं। पिछले राज्यसभा चुनावों में उनकी सेटिग सभी के सामने आ गई थी। इससे पहले इनेलो ने भाजपा के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा था, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें वोट करने की बजाय षड्यंत्र रचा।
उन्होंने ये बात शुक्रवार को झांसा रोड स्थित एक निजी पैलेस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विधानसभा में धान घोटाले को लेकर आवाज उठाई। सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। आज सरकार के संरक्षण प्रदेश भर में नशे की सप्लाई हो रही है। लॉकडाउन में जब आम आदमी घरों में बंद थे तो पंजाब की एक शराब फैक्ट्री से आए दिन 40 ट्रक शराब भरकर पहुंच रहे थे। इतना ही नहीं गांव-गांव तक चिट्टा की सप्लाई बढ़ने लगी है। इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी पत्र लिखा है। इस सरकार में माफिया राज चल रहा है। गठबंधन सरकार किसानों, व्यापारियों को लूटने की योजना बनाती है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है लोगों को पार्टी के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बसपा की पूरी टीम उनके साथ खड़ी होने को तैयार है। इसके अलावा अन्य पार्टियों में गए नेता भी उनके संपर्क में है। जजपा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उस पार्टी में तो अब केवल तीन ही आदमी बचेंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी ने बरौदा के उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला लिया है। इसके लिए प्रदेश भर के हर हलके से 50-50 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उन्हें प्रशिक्षण देकर चुनाव प्रचार में भेजा जाएगा। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती, जिलाध्यक्ष बूटा सिंह लुखी, महिला नेत्री कलावती सेन, करनाल के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार एबला मौजूद रहे।