होली के रंगों में रंगा लाडवा, CM नायब ने खेली फूलों की होली; बोले- तेज गति से विकास करेगी ट्रिपल इंजन सरकार
होली का पर्व समाज को एकता के सूत्र में बंधने का संदेश देता है। इस पावन पर्व पर होलिका दहन की लपटों में समाज की बुराइयां नष्ट हो जाती हैं और समाज खिल उठता है। हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत देश में सबसे अनोखी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में होली कार्यक्रम में भाग लिया और नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली।

संवाद सहयोगी, लाडवा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि होली का पावन पर्व समाज को एकता के सूत्र में बंधने का एक अनोखा संदेश देता है। इस पावन पर्व पर होलिका दहन की लपटों में समाज की तमाम बुराइयां नष्ट हो जाती हैं और होली के रंगों की तरह समाज खिल उठता है।
इन पावन पर्वों, तीज और त्योहारों से हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत देश में सबसे अनोखी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार देर सायं लाडवा में एक निजी पैलेस में होली पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सीएम के साथ लोगों ने खेली फूलों की होली
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने हलका लाडवा के नागरिकों के साथ फूलों की होली खेली और एक-एक नागरिक से मिलकर होली के पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होली के पावन पर्व पर लोक कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इन कलाकारों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके होली के पावन पर्व को और यादगार बनाने का काम किया। मुख्यमंत्री ने एक घंटा से ज्यादा लोगों के बीच फूलों की होली खेली।
इस दौरान लाडवा के नागरिकों की खुशी का ठिकाना न था, क्योंकि मुख्यमंत्री स्वयं उनके साथ होली का पर्व मनाने के लिए उनके बीच पहुंचे।
'होली दुनिया का सबसे अनोखा त्योहार'
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा के नागरिकों के बीच होली का पर्व मनाकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस पावन पर्व के साथ देश की संस्कृति का अनोखा संगम है। इस पावन पर्व पर सभी नागरिक जात-पात, लड़ाई झगड़े भूलकर भाईचारे की भावना के साथ एक दूसरे को रंग लगाते हैं।
इस रंग से समाज में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनता है। इस पर्व के साथ एकता और सहयोग की अटूट धारा बहती है। यह पर्व दुनिया का सबसे अनोखा पर्व है। इस पर्व पर प्रत्येक व्यक्ति को पुराने गिले शिकवे दूर करके भाईचारे की मजबूत कड़ी के साथ जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना भी मजबूत होती है। इस होली पर्व के दौरान प्रदेश में 36 बिरादरी के लोग एक साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं। इस धरा पर तीज त्योहारों की पृष्ठभूमि पौराणिक और वैज्ञानिक है। इसी से त्योहार हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को ऐतिहासिक और यादगार बनाते हैं।
तेज गति से विकास करेगी ट्रिपल इंजन की सरकार: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा होली पर्व पर सभी को संकल्प भी लेना चाहिए कि स्वच्छता पर फोकस रखेंगे, पर्यावरण को शुद्ध बनाएंगे, प्राकृतिक रंगों से होली खेलेंगे, जल का संरक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों में लोगों ने भाजपा प्रत्याशियों को एकतरफा जीत दी है।
इन चुनावों में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को और मजबूती देने का काम किया है। अब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार तेज गति के साथ विकास करेगी।
यह भी पढ़ें- होली का तोहफा: अब हरियाणा से राम मंदिर जाना होगा आसान, हिसार एयरपोर्ट से इन 5 शहरों के लिए उड़ेंगे जहाज

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।