शहर की लाइफ लाइन गुलजारीलाल नंदा मार्ग बनाने के लिए आठ फर्म आई आगे
शहर की लाइफ लाइन गुलजारी लाल नंदा मार्ग को मूर्त रूप मिलने की उम्मीद जाग गई है। सब कुछ ठीक-ठाक चला तो पीडब्ल्यूडी 10-12 दिन में इसके वर्क ऑर्डर जारी कर देगा।
जगमहेंद्र सरोहा, कुरुक्षेत्र: शहर की लाइफ लाइन गुलजारी लाल नंदा मार्ग को मूर्त रूप मिलने की उम्मीद जाग गई है। सब कुछ ठीक-ठाक चला तो पीडब्ल्यूडी 10-12 दिन में इसके वर्क ऑर्डर जारी कर देगा। आठ फर्म सड़क बनाने के लिए आगे आई हैं। पीडब्ल्यूडी पहले टेक्निकल और फिर फाइनेंशियल बिड में फर्म तय करेगा। 15 महीने में सड़क निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
पिपली से कुवि के थर्ड गेट तक सड़क का पीडब्ल्यूडी ने गत दिनों टेंडर लगाया था। 13 फरवरी को टेंडर भरने का आखिरी दिन था। पीडब्ल्यूडी ने शुक्रवार को टेंडर ओपन किया। इसमें आठ फर्मो ने आवेदन किया है। सड़क से गुजर पाना भी मुश्किल
पिपली से थर्ड गेट तक गुलजारी लाल नंदा मार्ग को छह लेन बनाया जाना है। पीडब्ल्यूडी ने सिविल वर्क का 40 करोड़ का टेंडर लगाया था। डेढ़ साल से सड़क का काम अटका हुआ है। पुराने बस अड्डे से आंबेडकर चौक और इससे आगे कई जगह सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। विधायक ने किया था शिलान्यास
पिपली से थर्ड गेट तक नौ किलोमीटर लंबी सड़क है। शहर को एक हिस्से से दूसरे हिस्से को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को सिक्स लेन बनाने का फैसला लिया गया। विधायक सुभाष सुधा ने अपने पिछले प्लान में 14 अक्टूबर 2018 को सड़क का शिलान्यास किया था। यह पूरा प्रोजेक्ट 57 करोड़ का था। इसमें सड़क के साथ बिजली की लाइनें शिफ्ट करने और पेड़ काटने और लाइटिग का काम था। सड़क निर्माण का टेंडर 37 करोड़ रुपये का था। लॉर्ड शिवा कंपनी ने उस वक्त काम लिया था, लेकिन कंपनी ने काम बीच में ही छोड़ दिया। पीडब्ल्यूडी ने फर्म की 1.86 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी जब्त कर ली थी। सड़क को लेकर अब तक
-एक जनवरी को टेंडर लगाया जाना था।
-29 जनवरी तक टेंडर भरा जाना था।
-30 को ओपन करना था, लेकिन विभागीय वेबसाइट अपडेटेशन के चलते टेंडर लगाया ही नहीं जा सका।
-एक फरवरी को शॉर्ट टर्म में टेंडर लगाया गया।
-13 फरवरी तक टेंडर भरा जाना था।
-14 फरवरी को टेंडर ओपन किया गया। वर्जन
पिपली से थर्ड गेट तक सड़क का टेंडर ओपन कर दिया है। अब फर्मों से सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट मांगे गए हैं। पहले टेक्निकल और फिर फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। जल्द ही इसको फाइनल कर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।
- अमित मनूजा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, कुरुक्षेत्र