डा. भगवान सिंह ने संभाला कुवि के कुलसचिव का पदभार
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जियोफिजिक्स विभाग के अध्यक्ष डा. भगवान सिंह चौधरी ने कुवि के कुलसचिव का पदभार संभाल लिया है। उनकी नियुक्ति को लेकर शुक्रवार को देर सायं पत्र जारी किया गया था।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जियोफिजिक्स विभाग के अध्यक्ष डा. भगवान सिंह चौधरी ने कुवि के कुलसचिव का पदभार संभाल लिया है। उनकी नियुक्ति को लेकर शुक्रवार को देर सायं पत्र जारी किया गया था। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व विश्वविद्यालय की कुलपति डा. नीता खन्ना का आभार प्रकट किया है। इससे पहले वह चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी के कुलसचिव भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुवि के विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवि की पहचान के लिए वह शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के सहयोग से सार्थक कदम उठाएंगे।
उनकी नियुक्ति पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक संघ (कुंटिया) की कार्यकारिणी ने स्वागत किया है। कुंटिया प्रधान नीलकंठ शर्मा और महासचिव यशपाल सैनी ने कहा कि विवि के हित एवं प्रगति के लिए कुवि प्रशासन जो भी सकारात्मक प्रयास करेगा, उसमें कुंटिया पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि डा. भगवान सिंह के अनुभव का कुवि को लाभ मिलेगा। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान रणबीर टांक, उपप्रधान विष्णुनाथ, सहसचिव अनिल लोहट और कोषाध्यक्ष अर्जुन सिंह मौजूद रहे।