यातायात नियमों की पालना के लिए बांटे फूल
पुलिस महानिदेशक मनोज कुमार यादव निर्देशानुसार आमजन को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाहन चालकों को फूल बांटे गए। एसपी आस्था मोदी सहित सभी डीएसपी सड़कों पर उतरे और वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पुलिस महानिदेशक मनोज कुमार यादव निर्देशानुसार आमजन को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाहन चालकों को फूल बांटे गए। एसपी आस्था मोदी सहित सभी डीएसपी सड़कों पर उतरे और वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि विशेष यातायात नियम जागरूकता अभियान को कामयाब करने के लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस गांधीगिरी करके नियमों का उल्लंघन करने वालों को फूल दे रही है। कुछ नियमों की उल्लंघना करने पर जनता को सुधरने का मौका दिया जा रहा है और उन्हें जुर्माने के बारे में भी बताया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत ट्रक, ऑटो स्कूटर तक सभी प्रकार के वाहन चालकों को जानकारी दी गई। इस विशेष जागरूकता अभियान के तहत कई स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं व स्टाफ को यातायात नियमों की अधिक से अधिक जानकारी दी जा रही है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के थर्ड गेट पर एसपी आस्था मोदी, डीएसपी मुख्यालय ममता सौदा, डीएसपी अजय कुमार, पिहोवा चौक व बस अड्डा पिहोवा में डीएसपी यातायात भारत भूषण, डीएसपी पिहोवा धीरज कुमार, पिपली चौक पर डीएसपी राजकुमार वालिया ने आम जनता को फूल दे कर नए यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी।