96 साल पहले मगरमच्छों को कुरुक्षेत्र में छोड़ा जाता था, अब बना प्रजनन केंद्र; 12 फीट लंबा 'बाहुबली' बना आकर्षण
भौर सैदां का भूरिश्रवेश्वर मंदिर तालाब 96 साल पहले मगरमच्छों का ठिकाना था, जिसे अब वन्यजीव विभाग ने हरियाणा का एकमात्र मगरमच्छ प्रजनन केंद्र बना दिया है।

कुरुक्षेत्र में बना मगरमच्छ प्रजनन केंद्र। फोटो जागरण
HighLights
भौर सैदां हरियाणा का एकमात्र मगरमच्छ प्रजनन केंद्र।
44 साल पहले चार जोड़ों से शुरू, अब 42 मगरमच्छ।
16 एकड़ में फैले केंद्र में तीन बड़े तालाब।
संवाद सहयोगी, पिहोवा। भौर सैदां के भूरिश्रवेश्वर मंदिर के तालाब में 96 वर्ष पहले मिलने वाले मगरमच्छों को छोड़ा जाता था। वन्यजीव विभाग ने 44 वर्ष पहले इसे प्रजनन केंद्र बनाया। उस समय तमिलनाडु से लाए चार मगरमच्छों के जोड़ों को इसमें छोड़ा गया, जिसके बाद आज यह 42 मगरमच्छों का आशियाना बन चुका है। इतना ही नहीं भौर सैदां का यह केंद्र हरियाणा का एकमात्र मगरमच्छ प्रजनन केंद्र बना।
जहां मगरमच्छों के संरक्षण और प्रजनन के साथ उनके प्राकृतिक रहन-सहन का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यहां मौजूद सबसे बड़ा मगरमच्छ करीब 12 फीट लंबा और डेढ़ क्विंटल से अधिक वजन का है। करीब 16 एकड़ में फैले इस केंद्र में मगरमच्छों के लिए तीन बड़े तालाब बनाए गए हैं। इनकी गहराई करीब आठ फीट है, जबकि लगभग छह एकड़ क्षेत्र तालाबों के दायरे में आता है।
भूरिश्रवा के नाम पर पड़ा मंदिर का नाम
महाभारत काल में कौरवों की ओर से लड़ने वाले महान योद्धा भूरिश्रवा (राजा सोमदत्त के पुत्र) भगवान शिव के परम भक्त थे। महाभारत युद्ध के दौरान इसी स्थान पर उनका वध हुआ था। भूरिश्रवा के नाम पर ही इस जगह का नाम भोर सैदां पड़ा और यहां स्थित शिव मंदिर को भूरिश्रवेश्वर महादेव मंदिर या भूरेश्वर मंदिर कहा जाता है।
96 वर्ष पहले तालाब से जुड़ा इतिहास
भौर सैदां में मगरमच्छों का इतिहास भूरिश्रवेश्वर मंदिर के तालाब से जुड़ा हुआ है। बताया जाता है कि 1930 के दशक में मंदिर के महंत मगरमच्छों को लाकर तालाब में छोड़ते थे। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ने लगी तो इनके संरक्षण और देखभाल की जरूरत महसूस हुई।
वर्ष 1982-83 में वन विभाग ने केंद्र का प्रबंधन अपने हाथों में ले लिया। इसके बाद मद्रास मगरमच्छ बैंक से मगरमच्छों के चार जोड़े यहां लाकर छोड़े गए। इनके प्रजनन से केंद्र में मगरमच्छों का कुनबा बढ़ता चला गया। गांव की पंचायत ने केंद्र के विस्तार के लिए 16 एकड़ से अधिक जमीन उपलब्ध करवाई हुई है।
प्राकृतिक माहौल के लिए लगाए 1100 बांस के पौधे
मगरमच्छों को बेहतर प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र में वन विभाग की ओर से करीब 1100 बांस के पौधे लगाए गए हैं। यहां बांस की अलग-अलग प्रजातियां विकसित की जा रही हैं। इन पौधों से वन्यजीवों को अनुकूल वातावरण और आश्रय मिलता है। विभाग की ओर से पौधों की नियमित देखभाल और रखरखाव भी किया जा रहा है।
16 नर, 11 मादा और 15 छोटे मगरमच्छ
वन्यजीव विभाग के सब इंस्पेक्टर सुभाष ढुल ने बताया कि केंद्र में फिलहाल 42 मगरमच्छ हैं। इनमें 16 नर, 11 मादा और 15 छोटे मगरमच्छ शामिल हैं। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों से रेस्क्यू करके लाए गए पांच से छह मगरमच्छों को भी यहां रखा गया है।
मगरमच्छों की देखभाल के लिए विभाग की ओर से नियमित निगरानी की जाती है। किसी मगरमच्छ के बीमार या घायल होने पर उसे रेस्क्यू कर उपचार दिया जाता है। गंभीर स्थिति में विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलाया जाता है। अभी तक केंद्र में किसी मगरमच्छ में बीमारी सामने नहीं आई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।