कुरुक्षेत्र जंक्शन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाया
कुरुक्षेत्र जंक्शन पर अब यात्रियों को अपनी कनफर्म सीट तक पहुंचने के लिए प्लेटफार्म पर दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जंक्शन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाया गया है जो यात्रियों को उनकी सीट ढूंढने में मदद करेगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र जंक्शन पर अब यात्रियों को अपनी कनफर्म सीट तक पहुंचने के लिए प्लेटफार्म पर दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जंक्शन पर कोच गाइडेंस सिस्टम लगाया गया है, जो यात्रियों को उनकी सीट ढूंढने में मदद करेगा। ट्रेन का कौन सा कोच कहां पर आकर रुका है इसकी जानकारी कोच गाइडेंस सिस्टम की डिस्प्ले पर यात्रियों को दूर से ही दिखाई देगी। जबकि अभी तक यात्रियों को अपनी सीट वाले कोच तक पहुंचने में पसीना बहाना पड़ता था। हर डिब्बे के पास पहुंचकर यात्रियों को बार-बार टीटीआइ से पता करना पड़ता था, जबकि अब डिस्प्ले में दूर से ही यात्रियों को कोच का नंबर साफ नजर आएगा। यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
पहले खराब हो गया था कोच गाइडेंस सिस्टम
कुरुक्षेत्र जंक्शन पर पहले कोच गाइडेंस सिस्टम जरूर था लेकिन वह खराब हो गया था। इसकी वजह से यात्री ट्रेन आने के बाद कोच ढूंढने के लिए कभी प्लेटफार्म पर आगे तो कभी पीछे भागते हुए दिखाई देते थे। कई यात्रियों को कोच नंबर तक पता नहीं लगता। ऐसे में अब रेलवे प्रशासन की समस्या भी आधी हो गई है। गाड़ी पकड़ने वाले यात्रियों को यह बता दिया जाता है कि उनके पास जो टिकट कनफर्म हुई है वह जिस कोच में है उसका नंबर ट्रेन आने के बाद प्लेटफार्म पर लगे कोच गाइडेंस सिस्टम में दिखाई देगा। कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए गए : एसएन गुप्ता
कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक एसएन गुप्ता ने बताया कि कोच गाइडेंस सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। यात्री बड़ी ही आसानी से इन सिस्टम में दूर से अपने कोच की जगह को पता लगा सकेंगे। इससे उन्हें अपनी सीट ढूंढने में कोई दिक्कत नहीं होगी।