'ज्योतिबा फुले ने 150 साल पहले जगाई थी जल संरक्षण की अलख', कुरुक्षेत्र में बोले CM मनोहर लाल
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा कि ज्योतिबा फुले साजामकि बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने का काम किया था। उन्होंने हर वर्ग के लिए समान रूप से काम किया। वह जल संरक्षण की बात करते थे।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंगलवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने सैनी समाज धर्मशाला में महात्मा ज्योतिबा फुले की राज्य स्तरीय जयंती समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मुख्य अतिथि होने के नाते वहां मौजूद लोगों को संबोधित भी किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने, महिलाओं की शिक्षा के लिए कार्य करने के साथ ही डेढ़ सौ साल पहले ही जल संरक्षण की पहल कर दी थी।
सीएम खट्टर ने कहा कि उन्होंने उन्हीं फसलों की खेती करने पर जोर दिया था, जिसमें पानी की कम खपत होती थी। यही कार्य आज हरियाणा सरकार भी कर रही है। इसके लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा। भूजल संकट को दूर करने के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है।
ज्योतिबा फुले की प्रतिमा का अनावरण
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगे कहा, "कुछ लोग सामाजिक कार्य करते तो हैं, लेकिन उसे जाति विशेष का रंग दे देते हैं और उन्हीं के लिए कार्य करते हैं। ऐसा नहीं करके महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सभी जाति वर्ग के लिए करना चाहिए।" इससे पहले उन्होंने पैनोरमा विज्ञान केंद्र के नजदीक चौ. देवीलाल चौक पर महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमा का अनावरण किया।
मु्ख्यमंत्री ने ट्विटर पर ज्योतिबा फुले को लेकर पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा, "शिक्षा, स्त्री और पुरुष दोनों के लिए समान रूप से आवश्यक है"... शिक्षा के माध्यम से वंचितों, शोषितों व महिलाओं को जीवन में सशक्त बनाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन।" उन्होंने आगे लिखा, "उनके अद्भुत व प्रखर विचार हमें अंत्योदय के उत्थान के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।"