हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुगर मिल के शुभारंभ पर हंगामा, किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प; कई हिरासत में
किसानों ने शाहाबाद शुगर मिल के पिराई सत्र के ऑनलाइन शुभारंभ का विरोध किया, जिसमें गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की गई।
-1795520135983_m.webp)
किसानों को हिरासत में लेती पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
किसानों ने शाहाबाद शुगर मिल के ऑनलाइन पिराई सत्र का विरोध किया।
गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई गई।
पुलिस ने विरोध कर रहे कुछ किसानों को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। शाहाबाद स्थित शुगर मिल के पिराई सत्र का मंगलवार को शुभारंभ कार्यक्रम था। इसके शुभारंभ के लिए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी को पहुंचना था, लेकिन सोमवार रात से ही किसानों के विरोध और पिराई सत्र शुरू नहीं होने देने की चेतावनी के चलते दोनों मंत्री शाहाबाद नहीं पहुंचे।
वे आनलाइन माध्यम से मिल के पिराई सत्र का शुभारंभ करने लगे तो मिल के बाहर धरने पर बैठे किसानों को इसकी भनक लग गई और वे मिल के अंदर पहुंचकर इसका विरोध जताने लगे।
मौके पर मौजूद पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया। किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शांतिपूर्वक विरोध जता किसानों के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की।
पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को हिरासत में भी ले लिया। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि सोमवार रात को प्रशासन के साथ किसानों की बैठक हुई थी।
पिराई सत्र के शुभारंभ की कोशिश
इसमें साफ कर दिया गया था कि उन्हें पिराई सत्र शुरू होने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वे सरकार और मंत्रियों का विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद कोई मंत्री शुभारंभ के लिए तो नहीं पहुंचा, लेकिन किसानों को भरोसे में लिए बिना आनलाइन माध्यम से पिराई सत्र का शुभारंभ करवाने की कोशिश की गई।
जब किसानों को इसकी भनक लगी तो वे मिल के अंदर पहुंचकर शांतिपूर्वक विरोध जता रहे थे, लेकिन पुलिस ने किसानों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की।
किसानों को जबरदस्ती बाहर कर दिया गया और कुछ किसानों को हिरासत में भी ले लिया। उन्होंने एसएचओ पर किसानों के कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया। बैंस ने कहा कि एसएचओ को किसानों के बीच आकर माफी माफी मांगनी होगी। अगर ऐसा नहीं होता तो किसान पंचायत में इस मामले को उठाया जाएगा।