सफाई कार्य जांचने खुद मैदान में उतरी चेयरपर्सन
शहर में कूड़ा उठान के चार्ज पर मचे हंगामे के बीच चेयरपर्सन उमा सुधा खुद मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने सेक्टर-7 व 13 के मुख्य मार्गों पर चल रही सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी संसाधनों का बेहतर प्रयोग करने के आदेश दिए। साथ ही लाखों रुपये की लागत से खरीदी दो स्वीपिग मशीनों का उपयोग करने के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : शहर में कूड़ा उठान के चार्ज पर मचे हंगामे के बीच चेयरपर्सन उमा सुधा खुद मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने सेक्टर-7 व 13 के मुख्य मार्गों पर चल रही सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी संसाधनों का बेहतर प्रयोग करने के आदेश दिए। साथ ही लाखों रुपये की लागत से खरीदी दो स्वीपिग मशीनों का उपयोग करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के 150 पार्कों का सुंदरीकरण और स्वच्छता अभियान को तेज गति से किया जाना जरूरी है। एक महीने में पार्कों की कायाकल्प कर दी जाएगी। शहर को इस बार अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक क्षेत्र के लिए नप अधिकारी दरोगा और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सुबह और सायं के समय दौरा करेंगे ताकि सफाई करने वालों की सही रिपोर्ट सामने आ सके।
हेल्पलाइन नंबर जारी किया
चेयरपर्सन ने कहा कि लोगों के सहयोग के बिना शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता है। लोगों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। नप कार्यालय में मुख्य केंद्र व दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। शहर के मुख्य मार्गों पर कोई व्यक्ति कचरा डालता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वे अपने घर के कचरे को डस्टबीन में डालना सुनिश्चित करें।
पार्षद ने भेजे चेयरपर्सन को फोटो
वार्ड-16 की पार्षद सविता गर्ग ने बृहस्पतिवार को नप चेयरपर्सन उमा सुधा को सेक्टर-13 में कूड़े के ढेर लगे फोटो भेजे थे। इसके साथ अपनी शिकायत भी उनको भेजी थी। दैनिक जागरण ने शुक्रवार के अंक में सेक्टर की समस्या को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था।