कुरुक्षेत्र सफाईकर्मी आत्महत्या मामले में लिव-इन पार्टनर समेत चार पर केस, सुसाइड नोट में हुआ बड़ा खुलासा
कुरुक्षेत्र में नगर परिषद के सफाईकर्मी रमन कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। परिजनों के आरोपों ...और पढ़ें

नप सफाईकर्मी आत्महत्या मामले में लिव-इन पार्टनर सहित चार पर केस दर्ज।
HighLights
कुरुक्षेत्र में सफाईकर्मी रमन कुमार का शव फंदे से मिला
लिव-इन पार्टनर सहित चार लोगों पर मामला दर्ज हुआ
सुसाइड नोट में मानसिक प्रताड़ना, आर्थिक लेन-देन का जिक्र
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। नगर परिषद थानेसर में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत बहादुरपुरा निवासी रमन कुमार का शव मंगलवार रात संदिग्ध हालात में डेरा संतपुरा स्थित किराए के मकान में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद स्वजन ने लिव-इन पार्टनर और कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।
स्वजन के अनुसार, मंगलवार दोपहर रमन की मां उससे मिलने थानेसर पहुंची थी। उसने बेटे से घर चलने को कहा, लेकिन रमन ने शाम को आने की बात कही। देर शाम तक घर न लौटने पर मां ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। परेशान होकर उन्होंने अपने भाई को सूचना दी, जिसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे।
कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां रमन का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कई लोगों पर मानसिक दबाव और आर्थिक लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
स्वजन का आरोप है कि रमन पर मकान बेचने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही उससे साढ़े तीन लाख रुपये भी हड़प लिए गए थे, जो मकान विवाद निपटाने के नाम पर लिए गए थे। परिवार का कहना है कि लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण रमन तनाव में था।
बताया जा रहा है कि रमन पिछले करीब छह माह से पत्नी और बच्चों से अलग, लिव-इन पार्टनर के साथ रह रहा था। इस दौरान उस पर कई कानूनी और पारिवारिक विवाद भी चल रहे थे। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर लिव-इन पार्टनर समेत चार से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर स्वजन को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
