प्रथम चरण में नहीं चल पाई बसें, उम्मीद के साथ रोडवेज ने तैयारियां की पूरी
प्रदेश सरकार की ओर लॉकडाउन में बस चलाने के प्रथम चरण में 11 जिलों के नामों की लिस्ट में जिला कुरुक्षेत्र का नाम नहीं आ सका है। फिर भी रोडवेज विभाग ने अपने चालक-परिचालकों को फोन पर ड्यूटी पर आने के लिए तैयार रहने के निर्देंश दे दिए है।
अनुज शर्मा, कुरुक्षेत्र
लॉकडाउन-3 में बस चलाने के प्रथम चरण में 11 जिलों की सूची में कुरुक्षेत्र का नाम नहीं आ सका है। ऐसे में फिलहाल रोडवेज बसों का संचालन नहीं होगा। इन सबके बीच रोडवेज विभाग ने अगले चरण में बसों के संचालन को लेकर कमर कस ली है। चालक-परिचालकों को फोन पर ड्यूटी पर आने के लिए तैयार रहने के निर्देश देने के साथ बस स्टैंड पर पुख्ता प्रबंध कर लिए हैं। जिले में कुरुक्षेत्र डिपो और पिहोवा सब डिपो है। दोनों जगह 154 बसें हैं। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम के अंतर्गत 10 बसें हैं। लॉकडाउन से बसों का संचालन बंद है। पिछले दिनों प्रशासन ने दूसरे प्रदेशों के लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए बसों को लिया था।
बैंचों और टिकट काउंटर पर मार्किंग की
कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों व यात्रियों में उचित शारीरिक दूरी बनाए रखने व सरकार की ओर से लॉकडाउन के सभी नियमों की पालना करवाने के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। परिसर में यात्रियों के बैठने के लिए रखे हुए पत्थर के बैंचों समेत थ्री सीटर अटैच कुर्सियों पर भी यात्रियों में शारीरिक दूरी रखने के लिए मार्किंग कर दी गई है। जिससे अब पत्थर के बैंचों व थ्री सीटर अटैच कुर्सियों पर तीन की बजाय दो यात्री ही बैठ सकें और शारीरिक दूरी की पालना की जा सकें।
शेड्यूल बनाने के आया है ऑर्डर
डिपो के डीआइ बहादुर सिंह ने बताया कि रोडवेज महाप्रबंधक की ओर से उनके पास चालक-परिचालकों का शेड्यूल तैयार करने के लिए आदेश आए हैं। इसलिए वे डिपो में अपने साथी कर्मचारियों के साथ बैठकर चालक-परिचालकों की लिस्ट तैयार करने में लगे हुए है। जिससे जैसे ही विभाग की ओर से जिले की बसों को चलाने के आर्डर मिलते है तो तैयार किए गए शेड्यूल के हिसाब से चालक-परिचालकों को बुलाकर ड्यूटी के लिए रवाना कर सकें। एक बस में 30 यात्री ही कर सकेंगे सफर
विभाग की ओर से आए हुए आदेशानुसार एक बस में 30 यात्री ही सफर सकेंगे। बनाए गए शेड्यूल के हिसाब अब यात्री सीधे ही बस में नहीं सवार हो सकेंगे। यात्रियों को बस में सफर करने के लिए मुंह पर मास्क लगा होना अनिवार्य कर दिया गया है। अगर किसी भी यात्री के पास अपना स्वयं का मास्क नहीं होगा तो उस यात्री को बस में सवार नहीं होने दिया जाएगा। थ्री सीटर पर बैठ सकेंगे दो यात्री
रोडवेज परिसर के बाद बस में भी यात्रियों को बैठने के लिए लॉकडाउन के सभी नियमों की पालना करनी होगी। इसमें सबसे जरूरी शारीरिक दूरी का नियम है। इसलिए बस में भी थ्री सीटर सीट पर दो ही यात्री बैठ सकेंगे और टू सीटर सीट पर एक ही यात्री बैठ सकेंगे। बस में सवार होने से पहले यात्रियों के हाथ सैनिटाइज करवाएं जाएंगे। अभी जिला कुरुक्षेत्र का नाम जिलों की लिस्ट में नहीं आया है। फिर भी उन्होंने डिपो परिसर में लॉकडाउन की पालना के लिए सभी पुख्ता इंतजाम करवा दिए गए है। जैसे ही विभाग की ओर से आदेश आते है तो बसें चलाई जाएंगी।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, कुरुक्षेत्र।