ग्रुप डी में नौकरी लगवाने के नाम पर 6.50 लाख रुपये ठगे, विधानसभा अध्यक्ष के गनमैन पर आरोप
ग्रुप डी में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल के गनमैन निर्मल और उसकी पत्नी पूनम पर आरोप लगाया है। थाना शहर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
ग्रुप डी में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल के गनमैन निर्मल और उसकी पत्नी पूनम पर आरोप लगाया है। थाना शहर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों ने पीड़ित को विस अध्यक्ष से नजदीकी होने का झांसा दिया था। एसपी आस्था मोदी को शिकायत देने पर मामले की जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने की और आरोपों को सही पाया। अब थाना शहर के उपनिरीक्षक बलजीत सिंह को जांच सौंपी गई है।
जींद जिले के गांव रायचंदवाला निवासी कपिल ने एसपी आस्था मोदी को शिकायत दी थी कि यमुनानगर के गांव महलावाली निवासी यशपाल शर्मा के पास उसका आना-जाना था। वह उसके साथ डेरे पर जाता था। यहां यशपाल के साथ उसका लड़का अनिल व बहन शिक्षा भी आती थी। वहीं पर निर्मल व उसकी पत्नी पूनम ने उनकी मुलाकात हुई। पूनम ने उसे बताया था कि उसका पति विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल के साथ गनमैन के पद पर पिछले चार वर्षो से तैनात है। उसकी उनके साथ काफी नजदीकी है और वह निर्मल सिंह के कहने से नौकरी लगवा देते हैं।
पीड़ित ने बताया कि निर्मल सिंह ने उसे झांसा दिया कि वह पूनम को नौकरी लगवाने के लिए पैसे दे दे। यदि काम नहीं हुआ तो ब्याज सहित पैसे वापस दे देंगे। उसने अनिल व शिक्षा के सामने वशिष्ठ कॉलोनी कुरुक्षेत्र में साढ़े छह लाख रुपये निर्मल व उसकी पत्नी पूनम को दिए थे, मगर उसकी नौकरी नहीं लगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो निर्मल ने कहा कि वह हरियाणा पुलिस में नौकरी करता है, उसे झूठे केस में फंसा देगा। पूनम भी उसे धमकी दे रही है।