अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ आज
विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान की ओर से अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ 29 नवंबर को होने जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र
विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान की ओर से अखिल भारतीय संस्कृति महोत्सव का शुभारंभ 29 नवंबर को होने जा रहा है। एक दिसंबर तक चलने वाले संस्कृति महोत्सव में अनेक विधाओं में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाएं होंगी। महोत्सव के दौरान 30 नवंबर को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया है। इसमें देशभर से आए छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण न केवल प्रतिभागिता करेंगे, अपितु हरियाणवी नाट्य शैली से भी रूबरू होंगे। डॉ. रामेन्द्र सिंह ने बताया कि महोत्सव में हरियाणा के खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, संस्कृति मंत्रालय के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता थानेसर के विधायक सुभाष सुधा करेंगे।
30 नवंबर को शाम पांच बजे संस्कृति वार्ता का आयोजन किया गया है, जिसमें डॉ. विकास दवे वार्ताकार होंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सांस्कृतिक स्त्रोत और प्रशिक्षण संस्थान नई दिल्ली के निदेशक ऋषि कुमार वशिष्ठ होंगे। जबकि अध्यक्षता सीबीएसई पंचकूला के क्षेत्रीय अधिकारी करनैल सिंह करेंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपकराधान और आबकारी आयुक्त हरियाणा नन्हाराम फुले और हरियाणा कला परिषद अंबाला मंडल के क्षेत्रीय निदेशक नागेंद्र शर्मा उपस्थित रहेंगे। एक दिसंबर को समापन समारोह होगा, जिसमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती मुख्य अतिथि होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के निदेशक डॉ. सौभाग्य वर्द्धन और हरियाणा साहित्य अकादमी पंचकूला के निदेशक डॉ. पूर्णमल गौड़ होंगे।