हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा अकाली दल
शिरोमणि अकाली दल हरियाणा में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुवान लड़ेगा। पार्टी लोकसभा चुनाव में भी प्रत्याशी उतारने पर विचार कर रही है।
जेएनएन, कुरुक्षेत्र। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष बीबी जगीर कौर ने कहा कि पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी अकाली दल विधानसभा की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। लोकसभा क्षेत्रों में भी उम्मीदवार उतारने पर विचार चल रहा है। हरियाणा में महिला कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। चुनाव के दौरान कर्मठ व ईमानदार महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी प्रत्याशी बनाया जाएगा। वे शिअद महिला विंग हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बीबी रविंदर कौर का उत्साहवर्धन कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि शिअद ने शुरू से ही महिलाओं का पूरा मान-सम्मान दिया है। गुरु साहिबान ने नारी जाति को सम्मान दिए जाने की शिक्षा को पार्टी संरक्षक प्रकाश सिंह बादल और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आत्मसात किया है। इसी का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि पार्टी ने हमेशा महिला कार्यकर्ताओं को सत्कार दिया है।
बीबी जगीर कौर ने कहा कि परिवार संभालने वाली महिलाएं सत्ता की कमान भी संभाल सकती हैं। उन्होंने बीबी रविंदर कौर को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी की नीतियों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आने वाले चुनाव में विरोधियों को करारा झटका दिया जा सके। बीबी रविंदर कौर ने बीबी जगीर कौर को आश्वासन दिया कि वे अपनी टीम के साथ मिल कर हरियाणा में पार्टी प्रचार करेंगी।
यह भी पढ़ेंः अगले चुनाव में भाजपा भ्ुगगतेगी अपनी झूठ का खमियाजा : अभय चौटाला