बूंदाबांदी के बाद सांस लेने लायक हुई हवा
बुधवार देर रात को बूंदाबांदी के बाद बृहस्पतिवार को ठिठुरन तो बढ़ी ही साथ ही हवा भी साफ हो गई। हवा में बढ़ रहे प्रदूषण का स्तर बहुत दिनों बाद 100 से नीचे पहुंचा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र
बुधवार देर रात को बूंदाबांदी के बाद बृहस्पतिवार को ठिठुरन तो बढ़ी ही साथ ही हवा भी साफ हो गई। हवा में बढ़ रहे प्रदूषण का स्तर बहुत दिनों बाद 100 से नीचे पहुंचा। सुबह को पार्टिकुलेट मैटर 99 दर्ज किया गया। हालांकि रात को सात बजे इसकी मात्रा बढ गई। रात को पीएम154 दर्ज किया गया। मगर लोगों को कई दिन से सांस लेने में हो रही तकलीफ कुछ कम हो गई। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
सवेरे के समय बूंदाबांदी के बाद वातावरण पूरी तरह से साफ होने के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है। बूंदाबांदी रूक रूक कर हुई। कई दिनों बादलों का आना जाना लगा हुआ था। शुक्रवार सवेरे बदरा बरसे। ग्रामीणों के अनुसार अब दिन में धूप निकलने के आसार बन गए हैं। वहीं कई जगहों पर ओलावृष्टि के चलते ठंड बढ़ गई है। बूंदाबांदी के बाद अनाज मंडी में धान की आवक व खरीद दोनों बंद हो गई हैं। अधिकांश दुकानदारों का कहना है कि इस बरसात से स्माग से छुटकारा मिलने से अब ग्राहक के कदम बाजार की ओर होंगे। इससे मंदी से निकलने में मदद मिलेगी।