एकजुट होकर काम करें कांग्रेस कार्यकर्ता : सैलजा
कांग्रेस के कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को जिला कार्यालय में पहुंचे कार्यकर्ताओं को सभी नेताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस की जीत के लिए प्रयास करने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कांग्रेस के कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को जिला कार्यालय में पहुंचे कार्यकर्ताओं को सभी नेताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस की जीत के लिए प्रयास करने की सलाह दी। दो दिन पहले कांग्रेस में शामिल हुए इनेलो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के साथ विधायक जयप्रकाश जेपी, पिहोवा से गगनजोत संधू भी मंच पर थे। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा एक बजे पहुंचे। करीब एक घंटे बादकांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला भी पहुंच रहे हैं। वह 2:20 कार्यक्रम में पहुंचे। ऐसे में कार्यक्रम को लंबा खींचने के चलते कई हलकों से नेताओं को भी मंच से बोलने का मौका मिला तो कइयों को समय ना मिलने पर एक बार मंच पर हंगामा हो गया।
प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि अब विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। परीक्षा की घड़ी आ गई है और समय कम है। ऐसे में कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और प्रदेश से भेदभाव को खत्म किया जाएगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें जो काम सौंपा है वह उसे पूरी मेहनत और लग्न से पूरा करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस का परचम लहराएंगे। पूर्व सीएम एवं हरियाणा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता में जो निराशा छाई थी वह प्रदेश नेतृत्व में परिवर्तन के बाद आशा में बदल गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में से एक भी वायदा पूरा नहीं किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा के राज में मंदी और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों को पहले ही कह दिया है कि वह आज नए स्कूल की पहली कक्षा में दाखिला ले रहे हैं। कांग्रेस पार्टी रूपी स्कूल में सभी उनसे वरिष्ठ हैं। वह कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी मेहनत करेंगे। इस मौके पर पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व मंत्री हरमोहिद्र सिंह चट्ठा, सम्मेलन के संयोजक पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, मेहर सिंह रामगढ़, पूर्व विधायक तेजबीर, डॉ. संजय शर्मा, निशी गुप्ता, सुरेश यूनिसपुर, जसबीर खनौद, सुरेंद्र सैनी मौजूद रहे।