मुख्यमंत्री को सीआइडी लेने की बजाय ले लेना चाहिए पूरा विभाग : चौटाला
इनेलो नेता एवं विधायक अभय सिंह सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
संवाद सहयोगी, लाडवा : इनेलो नेता एवं विधायक अभय सिंह सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सीआइडी लेने की बजाय पूरा विभाग ले लेना चाहिए। सीएम अपने भरोसेमंद को ही गृह मंत्री बनाते हैं, ताकि वह मंत्री बनकर अच्छे परिणाम दे सके। वे किसी डर से विभाग के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं और बारी-बारी से ऐसा कर अपने मंत्री की बेइज्ज्ती कर रहे हैं।
अभय सिंह चौटाला सोमवार को लाडवा में मार्केट कमेटी लाडवा के पूर्व चेयरमैन पूर्ण सिंह बड़शामी के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को पहले धान में नमी के नाम पर लूटा गया और फिर धान खरीद में घोटाला किया गया। इसकी सीबीआइ से जांच होनी चाहिए। सरकार ने न तो गन्ने के दामों में वृद्धि की है और न ही ओलावृष्टि व भारी बरसात से बर्बाद हुई फसलों की विशेष गिरदावरी कराई है। इससे सरकार नीयत साफ हो रही है। उन्होंने कहा कि जजपा ने प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े झूठे वादे कर सरकार तो बना ली। जनता अब ठगा सा महसूस कर रही है।
इस अवसर पर सुभाष खुर्दबन, जगीर सिंह मेहरा, करनैल सिंह बकाली, गगन बड़शामी, सुरेश सैनी, बलदेव बन, हरीश छाबड़ा, जंगशेर सिह बन, गुरनाम सिंह बूढ़ा मौजूद रहे।