कुरुक्षेत्र में चाचा की अस्थियां विसर्जित करते समय नहर में बहा युवक, तलाश जारी
कुरुक्षेत्र में भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर में चाचा की अस्थियां विसर्जित करते समय एक युवक पानी के तेज बहाव में बह ...और पढ़ें
-1794227403168_m.webp)
चाचा की अस्थियां विसर्जित करते समय नहर में बहा युवक। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। गांव मिर्जापुर के पास भाखड़ा-नरवाना ब्रांच नहर में चाचा की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा एक युवक पानी के बहाव में बह गया है। हादसा नहर में अस्थियां विसर्जित करते समय पांव फिसलने से हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की टीम बुलाकर नहर में तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि युवक जिला कैथल के ढांड निवासी देवेंद्र के चाचा की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, वह चाचा की अस्थियां विसर्जित करने के लिए नहर पर पहुंचा था। हादसे के बाद मौके पर उसके स्वजनों और ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 11:30 बजे देवेंद्र अपने चाचा की अस्थियां विसर्जित करने के लिए गांव मिर्जापुर के पास पहुंचा था। वह नहर की पटरी पर चलते हुए थोड़ा आगे बढ़कर नहर के पानी में अस्थियां विसर्जित कर रहा था। इतने में उसका पांव फिसल गया और वह नहर के पानी में गिर गया। पानी के गिरते ही उसने हाथ-पांव चलाए और शोर मचाया।
देखते ही देखते पानी में बह गया
नहर किनारे खड़े उसके चाचा के बेटे ने भी शोर मचाया। शोर सुनते ही नहर की पटरी के साथ खेतों में काम कर रहे दंपत्ती से युवक को बचाने का प्रयास किया। इसके लिए महिला का दुपट्टा भी नहर के पानी पर फेंका गया। युवक इसे नहीं पकड़ पाया और उनके देखते-देखते वह पानी में बह गया। घटना की जानकारी ज्योतिसर पुलिस चौकी को दी गई।
त्योहार के दिन हुई घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना केयूके प्रभारी जगदीश टामक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोर प्रगट सिंह और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने नाव के साथ नहर के पानी में बहे युवक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक टीम नहर की तलहटी खंगालने में जुटी थी। हादसे के बाद से स्वजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
नहर में तलाश जारी
थाना केयूके प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि ढांड निवासी देवेंद्र अपने चाचा अस्थियां विसर्जित करने आया था। अस्थियां विसर्जित करते हुए वह भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर के पानी में बह गया है। एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।