कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने रेहड़ी वाले को कुचला, दीपावली की रात सामान लेने निकला था
शाहाबाद में जीटी रोड पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल रेहड़ी चालक विक्रम थापा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
-1794247688038_m.webp)
तेज रफ्तार कार ने रेहड़ी वाले को कुचला। सांकेतिक फोटो
HighLights
शाहाबाद में जीटी रोड पर साइकिल रेहड़ी चालक को टक्कर।
तेज रफ्तार कार से विक्रम थापा की मौके पर मौत।
पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, शाहाबाद। शाहाबाद में जीटी रोड पार कर रहे साइकिल रेहड़ी चालक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में रेहड़ी चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। रणजीत नगर निवासी गोविंदा ने बताया कि उनके 48 वर्षीय पिता विक्रम थापा साइकिल रेहड़ी चलाकर सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता था।
दीपावली की रात उसका पिता किसी सामान को लेने के लिए रेड चिली होटल की तरफ गया था। इसी दौरान जब उसका पिता जीटी रोड पर लोहे के पुल के पास सड़क पार कर रहा था तो चंडीगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसका पिता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद आरोपित चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। मृतक के बेटे गोविंदा ने बताया कि रात करीब 8:15 बजे उसके भाई गोपाल का फोन आया। उसने पिता के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे और घायल विक्रम को एंबुलेंस की मदद से शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे के बयान पर कार चालक के खिलाफ केस
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। स्वजन ने आरोप लगाया कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। बेटे की ओर से उपलब्ध करवाए गए कार नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।