विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आग का गोला बना ट्रक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; बाल्टी में पानी लेकर पहुंचे ग्रामीण 

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:37 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 18 Nov 2026 04:39 PM (GMT+05:30)

पिहोवा-गुहला चीका मार्ग पर दीवाना गांव के पास एक चलते ट्रक के केबिन में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चलते ट्रक में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चलते ट्रक में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

संवाद सहयोगी, पिहोवा (कुरुक्षेत्र)। पिहोवा-गुहला चीका मार्ग पर मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दीवाना गांव के पास एक चलते ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि ट्रक का पूरा केबिन लपटों से घिर गया।

केबिन से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और आग के विकराल रूप लेने से पहले ही नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया।

तेजी से फैलने लगी आग

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ ट्रक जम्मू-कश्मीर नंबर का था और कैथल जिले के गुहला-चीका क्षेत्र से पिहोवा की तरफ आ रहा था। जब ट्रक दीवाना गांव के नजदीक पहुंचा तो अचानक चालक को केबिन के ऊपरी हिस्से में आग लगने का आभास हुआ।

शुरुआत में ऊपरी हिस्से से चिंगारियां उठती दिखाई दीं, लेकिन कुछ ही पलों में आग तेजी से फैलने लगी। चिंगारियां नीचे गिरने के साथ ही केबिन के अंदर भी आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना देरी किए ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया। चालक कुछ देर और ट्रक के अंदर रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता

ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही दीवाना गांव और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। आग की लपटें लगातार तेज होती जा रही थीं। ऐसे में ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।

ग्रामीण अपने घरों से बाल्टियों और अन्य बर्तनों में पानी भरकर घटनास्थल पर पहुंचे और लगातार जलते हुए केबिन पर पानी डालते रहे। करीब 40 से 45 मिनट तक ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने के लिए मशक्कत की। सामूहिक प्रयासों के चलते आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। ग्रामीणों की तत्परता और चालक की सूझबूझ से हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

केबिन जलकर हुआ पूरी तरह राख

इस घटना में ट्रक का केबिन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में कोई अन्य सामान लोड नहीं था, जिससे आग के कारण अतिरिक्त नुकसान होने की आशंका नहीं रही। हालांकि ट्रक के केबिन में आग लगने से वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग केबिन के ऊपरी हिस्से से शुरू हुई थी, लेकिन इसके पीछे तकनीकी खराबी, बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य कारण रहा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

इस हादसे ने एक बार फिर चलते वाहनों में आग लगने की घटनाओं और समय रहते सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।