पांच हजार में तय हुआ था नकली परीक्षार्थी बैठाने का सौदा, CBSE 10वीं की इंप्रूवमेंट पेपर दे रही छात्रा गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र में सीबीएसई 10वीं के अंक सुधार परीक्षा में 5000 रुपये में फर्जी परीक्षार्थी बैठाने का सौदा हुआ, जिसमें एक नकली परीक्षार्थी पकड़ी गई।
-1778986410041_m.webp)
पांच हजार में तय हुआ था नकली परीक्षार्थी बैठाने का सौदा (AI Generated फोटो)
HighLights
कुरुक्षेत्र में सीबीएसई 10वीं परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गई।
पांच हजार रुपये में अंक सुधार परीक्षा पास कराने का सौदा।
मुख्य आरोपी विनोद कुमार और फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के मामले देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। इसी बीच कुरुक्षेत्र में सीबीएसई के 10वीं कक्षा के अंक सुधार के लिए परीक्षा पास करवाने का सौदा मात्र पांच हजार रुपये में तय हुआ।
15 मई को कुरुक्षेत्र गुरुकुल में आयोजित परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ी गई। मामले में पुलिस ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाली युवती और पूरे खेल को संचालित करने वाले मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस अब उस रिश्तेदार की तलाश में जुटी है, जिसने पूरी साजिश रची थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 10वीं की छात्रा के एक रिश्तेदार ने उसकी जगह गणित की परीक्षा दिलवाने के लिए कैथल के सीवन निवासी विनोद कुमार से संपर्क किया था। दोनों के बीच पांच हजार रुपये में सौदा तय हुआ और रकम यूपीआइ के जरिये भेज दी गई।
परीक्षा के दौरान ही पकड़ में आया मामला
इसके बाद विनोद कुमार ने परीक्षा देने के लिए कैथल निवासी एक युवती से संपर्क किया। तय हुआ था कि परीक्षा देने के बाद युवती को तीन हजार रुपये दिए जाएंगे लेकिन परीक्षा के दौरान ही मामला पकड़ में आ गया।
पुलिस को दी शिकायत में नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह लेक्चरर हैं। शुक्रवार को गुरुकुल में आयोजित 10वीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में बतौर सुपरिंटेंडेंट ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी पर मौजूद एक शिक्षक को परीक्षार्थी युवती की कद-काठी पर शक हुआ।
जांच करने पर पता चला कि वह दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा देने आई थी। शिकायत के आधार पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर जांच थर्ड गेट चौकी पुलिस को सौंपी गई। थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कार्रवाई करते हुए दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाली युवती और परीक्षा दिलवाने के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि अब उस मास्टर माइंड की तलाश की जा रही है, जिसने पूरी साजिश रची थी।
