जरा सी नजर मुड़ी तो देश भर से आई महिलाओं के सामने खुल जाएगी स्वच्छता की पोल
जरा सी नजर मुड़ी तो देश भर से आई महिलाओं के सामने खुल जाएगी स्वच्छता की पोल। जी हां, स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम में देश भर से पहुंचने वाली जिन महिलाओं को जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र भ्रमण कराने की तैयारी कर रहा है। उन्हें दिखाई जाने वाली कुछ खास जगहों को तो चमकाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इन्हीं जगहों के आस-पास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कई जगह सड़कों के किनारों पर कूड़ा बिखरा पड़ा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : जरा सी नजर मुड़ी तो देश भर से आई महिलाओं के सामने खुल जाएगी स्वच्छता की पोल। जी हां, स्वच्छ शक्ति-2019 कार्यक्रम में देश भर से पहुंचने वाली जिन महिलाओं को जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र भ्रमण कराने की तैयारी कर रहा है। उन्हें दिखाई जाने वाली कुछ खास जगहों को तो चमकाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इन्हीं जगहों के आस-पास गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। कई जगह सड़कों के किनारों पर कूड़ा बिखरा पड़ा है। अगर बस में सफर कर रही महिलाओं ने इन्हें देखा तो कुरुक्षेत्र की किरकिरी होना तय है। यह कार्यक्रम स्वच्छता को लेकर है और इसमें देश भर से स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली महिलाएं पहुंच रही हैं, उनके सामने गंदगी पड़ी होने पर फजीहत होना तय है। पिछले कई दिनों से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे होने का दावा कर रहा प्रशासन शहर को स्वच्छ नहीं कर पाया है। शहर में गंदगी फैली होने के लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का वार चल रहा है। दैनिक जागरण ने जब इन जगहों को अवलोकन किया तो कई जगह हालात बदतर ही मिले। महिला थाना चौक से दाई ओर लगे हैं गंदगी के ढेर
इन महिलाओं को महिला थाना का भ्रमण कराया जाएगा, इसके लिए महिला थाने में तैयारियां चल रही हैं। लेकिन इसके बाहर हालात ठीक नहीं है। महिला थाने की ओर पहुंचने वाले चौक पर ही दाईं ओर दूर तक गंदगी के ढेर दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा थाना भवन के साथ लगती खाली जगह में गोबर के ढेर लगे होने के साथ-साथ झूठी थर्मोकॉल की प्लेटों के ढेर पड़े हैं। सड़कों के किनारों पर ध्यान गया तो भी उन्हें गंदगी के दर्शन होंगे। सड़कों पर ही बेसहारा गोवंश घुम रहा है। प्रवीण कश्यप ने कहा कि केवल इन जगहों पर ही नहीं ब्रह्मासरोवर के ही चारों ओर गंदगी पड़ी हुई है। एचएसवीपी के सेक्टरों में ही बदतर हैं हालात
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में तो पूरी ग्रीन बेल्ट को ही कूड़ा दान बना रखा है। ग्रीन बेल्ट में पोलिथिन बिखरे पड़े हैं और कूड़ों के ढेर लगे हुए हैं। सेक्टर आठ और पार्ट 29 के बीच की सड़क किनारे तो मरे हुए बेसहारा पशु तक पड़े हैं, जिन्हें आवारा कुत्ते और पक्षी नोच रहे हैं। इन जगहों का करना है भ्रमण
इस कार्यक्रम में देश भर के कई राज्यों से पांच हजार से ज्यादा महिलाएं पहुंच रही हैं। इन्हीं महिलाओं को जिला प्रशासन की ओर से महिला थाना, ज्योतिसर तीर्थ, श्रीदेवी कूप भद्रकाली मंदिर, गांव भौर सैयदां, गांव बीड़ सूजरा और डंगाली का भ्रमण कराए जाने की योजना है। सुबह तक साफ हो जाएगा पूरा शहर
नगर परिषद के ईओ बीएन भारती का कहना है कि शहर भर में सफाई कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी स्थानों पर सफाई की जा रही है। एक-आध जगह पर सफाई व्यवस्था ठीक नहीं थी, जिसके बारे में कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।