सिपाही की मौत से हथलाना गांव में शोक की लहर
हर किसी की जुबां पर सिपाही राजीव की अच्छाई के चर्चे थे। बोलचाल व अपने कुशल व्यवहार के कारण वह गांव में सबके चहेते थे।
मधुबन पुलिस अकादमी में घास काटने वाले मशीन से लगा था करंट
संवाद सूत्र, निसिग : हरियाणा पुलिस के सिपाही हथलाना निवासी राजीव कुमार की बृहस्पतिवार को मधुबन पुलिस अकादमी प्रांगण में घास काटते समय करंट लगने से मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम पसर गया। हर किसी की जुबां पर सिपाही राजीव की अच्छाई के चर्चे थे। बोलचाल व अपने कुशल व्यवहार के कारण वह गांव में सबके चहेते थे।
पूर्व सरपंच रणधीर सिंह के अनुसार शाम को पैतृक गांव हथलाना में राजकीय सम्मान के साथ सलामी देकर राजीव को मुखाग्नि दी गई। विभागीय व सामाजिक एवं वालीबॉल जगत से जुड़े सैकड़ों लोगों ने अंतिम संस्कार में पहुंचकर भगवान से उनकी आत्मिक शांति की कामना की। राष्ट्रीय स्तर के थे खिलाड़ी
सिपाही राजीव कुमार की करीब दस साल पहले कुरुक्षेत्र के कुवार खेड़ी गांव में शादी हुई थी। बड़ा बेटा करीब नौ साल का है जबकि छोटा तीन वर्ष का है। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले राजीव ने खेलों के माध्यम से पुलिस में नौकरी पाई थी। वह राष्ट्रीय स्तर के वालीबॉल खिलाड़ी थे। वह अपने पीछे बुजुर्ग पिता श्रीराम, माता जमेरो देवी, छोटे भाई रविद्र, पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए।