ईवीएम संख्या के अनुसार ही कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट रहेंगी : विनय प्रताप सिंह
लोकसभा आम चुनाव 2019 की तैयारी के चलते सोमवार को डीसी विनय प्रताप सिंह की उपस्थिति में ईवीएम का पहले चरण का रैंडमाइजेशन यानि अक्रमिकरण किया गया। एनआइसी के एडीआइओ परविद्र सिंह ने भारत चुनाव आयोग के पोर्टल के जरिये रैंडमाइजेशन किया।
जागरण संवाददाता, करनाल : लोकसभा आम चुनाव 2019 की तैयारी के चलते सोमवार को डीसी विनय प्रताप सिंह की उपस्थिति में ईवीएम का पहले चरण का रैंडमाइजेशन यानि अक्रमिकरण किया गया। एनआइसी के एडीआइओ परविद्र सिंह ने भारत चुनाव आयोग के पोर्टल के जरिये रैंडमाइजेशन किया। इस मौके पर जिला के सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, चुनाव तहसीलदार के अतिरिक्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
निर्वाचन अधिकारी डीसी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए जिला में बनाए गए 1141 मतदान केंद्रों के लिए अलॉट 1227 ईवीएम का आज प्रथम रैंडमाइजेशन हुआ है। इनमें विधानसभा क्षेत्रवार मशीनों की संख्या को देखें तो नीलोखेड़ी के लिए 251, इंद्री के लिए 236, करनाल के लिए 245, घरौंडा के लिए 262 तथा असंध क्षेत्र के लिए 263 ईवीएम अलॉट कर दी गई हैं। संख्या के अनुसार ही कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट रहेंगी। इनमें 10 प्रतिशत मशीने रिजर्व रहेंगी। उन्होंने बताया कि अभी सिर्फ पूल की अलॉटमेंट की गई है।
इस अवसर पर रैंडमाइजेशन की वीडियोग्राफी भी कराई गई। राजनीतिक पार्टियों की ओर से कांग्रेस के पंकज पुनिया, नैशनल कांग्रेस पार्टी के विजय पाल सिंह व प्रशांत शर्मा तथा भारतीय जनता पार्टी के राजबीर शर्मा उपस्थित रहे।