करनाल CIA-2 की कस्टडी में युवक की मौत, पुलिस पर 2 लाख मांगने और हत्या का आरोप; सिपाही के कंधे में भी लगी गोली
करनाल में सीआईए-2 की हिरासत में 32 वर्षीय युवक जितेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजनों ने पुलिस ...और पढ़ें
-1794657700395_m.webp)
सीआईए-2 की कस्टडी में युवक की मौत, स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप।
HighLights
सीआईए-2 हिरासत में 32 वर्षीय युवक जितेंद्र की मौत
स्वजनों ने पुलिस पर हत्या और दो लाख रिश्वत का आरोप
पुलिसकर्मी के कंधे में गोली लगने की भी खबर
जागरण संवाददाता, करनाल। सीआईए-2 की कस्टडी में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद स्वजन ने पुलिस पर हत्या करने और दो लाख रुपये मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान गांव बीजना निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने 11 नवंबर को उसे घर से उठाया था।
इसके बाद लगातार सीआईए-2 के चक्कर काटते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी उसे अपने पास होने से इनकार करते रहे। स्वजन ने आरोप लगाया कि युवक को थर्ड डिग्री देकर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। साथ ही सीआईए-2 की टीम के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज करने की मांग उठाई।
दो लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप
मृतक जितेंद्र के चचेरे भाई रिंकू ने बताया कि 11 नवंबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे पांच पुलिसकर्मी सिविल वर्दी में हथियार लेकर उनके गांव बीजना स्थित घर पहुंचे थे। वे जितेंद्र को अपने साथ ले गए।
इसके बाद जब उन्होंने सीआईए-2 में संपर्क किया तो वहां पुलिसकर्मी संदीप ने उनसे दो लाख रुपये देने की बात कही। आरोप है कि रुपये देने के बाद जितेंद्र को छोड़ने की बात कही गई थी। स्वजन ने रुपये नहीं दिए और शाम तक उसके वापस आने का इंतजार करते रहे।
हाई कोर्ट में लगाई अपहरण की याचिका
रिंकू के अनुसार, 12 नवंबर को उन्होंने चंडीगढ़ हाई कोर्ट में जितेंद्र के अपहरण की याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर उसी रात करीब साढ़े 12 बजे एक कर्मचारी ने सीआईए-2 का निरीक्षण किया, लेकिन वहां जितेंद्र नहीं मिला।
आरोप है कि सीआईए-2 इंचार्ज प्रवीन ने लिखित में दिया कि जितेंद्र उनके पास नहीं है और न ही उसके संबंध में कोई मामला उनके पास है। जबकि दूसरी ओर सीआईए-2 का कर्मचारी संदीप लगातार स्वजन की जितेंद्र से फोन पर बात करवा रहा था। 13 नवंबर को भी स्वजन जितेंद्र को लेने सीआईए-2 पहुंचे थे। तब उन्हें सुबह छोड़ने की बात कही गई थी, लेकिन रात को उसकी मौत की सूचना मिल गई।
विधायक और डीएसपी ने स्वजन को समझाया
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज के पोस्टमार्टम हाउस में स्वजन ने पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी गौरख पाल राणा मौके पर पहुंचे और स्वजन को समझाने का प्रयास किया।
इसी दौरान विधायक योगेंद्र राणा भी वहां पहुंचे। उन्होंने स्वजन को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की गई।
छह महीने पहले जेल से आया था बाहर
स्वजन के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित करीब 13 मामले दर्ज थे। करीब छह महीने पहले ही वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। उनका कहना है कि जेल से आने के बाद वह सामान्य जीवन जी रहा था। करीब चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी।
भाई और पत्नी को भी उठाने का आरोप
स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस पहले भी उनके परिवार को परेशान करती रही है। करीब डेढ़ महीने पहले जितेंद्र के भाई शुभम को भी पुलिस उठाकर ले गई थी। आरोप है कि उसे छोड़ने के लिए तीन लाख रुपये लिए गए थे।
वहीं, जितेंद्र की पत्नी को भी एक बार पुलिसकर्मी अपने साथ ले गए थे। स्वजन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर्मचारी के कंधे पर लगी गोली।
सीआईए टू के एक पुलिस कर्मचारी के कंधे भी में गोली लगी है। यह गोली किसी ने मारी है या पुलिस कर्मचारी ने खुद अपने कंधे में मारी है। इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस इस मामले के बारे में बताने पर पीछे हट रही है। बताया जा रहा है कि अपने आप को बचाने के लिए पुलिस कर्मी ने अपने कंधे में गोली मारी है। फिलहल पुलिस भी इस मामले में कोई जवाब नहीं दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।